- लाल किताब 2026

Author: Aqsa Halim | Updated Tue, 25 Nov 2025 07:26 PM IST

लाल किताब राशिफल 2026 (Lal Kitab Rashifal 2026) - एक ऐसा विशेष राशिफल है जो लाल किताब पर आधारित है और इसे एस्ट्रोसेज एआई द्वारा विशेष रूप से आपके लिए तैयार किया गया है। जिसके माध्यम से आपको जानने को मिलेगा कि इस लाल किताब राशिफल 2026 के लेख में आपके लिए साल 2026 की प्रमुख भविष्यवाणी छिपी हुई हैं। इस वर्ष आपके जीवन के किस क्षेत्र में कौन सी घटनाएं घटित हो सकती हैं, कब आपके लिए अनुकूल समय रहेगा और कब आपको चुनौतियों के लिए तैयार रहना होगा, इसके बारे में आपको समस्त जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त यह आपके जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के संदर्भ में आपको बताएगा कि वर्ष 2026 के दौरान आपके जीवन के किस क्षेत्र में किस तरीके के परिणाम प्राप्त हो सकते हैं।


आर्थिक रूप से आप उन्नति करेंगे या आपको परेशानी का सामना करना पड़ेगा, विद्यार्थियों को शिक्षा में कैसे परिणाम प्राप्त होंगे, क्या उनकी कोशिश सफल होगी, प्रेम जीवन में सफलता मिलेगी या धोखे का सामना करना पड़ेगा, विवाहित जातकों का वैवाहिक जीवन किस करवट बैठेगा, आप नौकरी करते हैं तो क्या नौकरी में तरक्की होगी या विरोधी आपकी नाक में दम करेंगे, व्यापार में उन्नति होगी या काम से हाथ धोने पड़ेंगे, पारिवारिक जीवन में खुशियों का माहौल रहेगा अथवा नहीं और आपकी सेहत किस दिशा में आगे बढ़ेगी, क्या आप तंदुरुस्त रहेंगे, चुस्त दुरुस्त रहेंगे या आपको बीमारियां अपनी पकड़ में ले लेंगी, क्या आपको विदेश जाने के योग बनेंगे, ऐसी समस्त जानकारियां आपको इस लाल किताब राशिफल 2026 में पढ़ने को मिलेंगी। इसलिए आपको इस लाल किताब राशिफल 2026 को शुरू से लेकर अंत तक पूरा पढ़ना चाहिए, ताकि आपको पता चल सके कि यह राशिफल 2026 आपके जीवन के बारे में क्या संकेत लेकर आया है। यदि किसी क्षेत्र में कोई समस्या आ रही है तो इसमें हमने कुछ विशेष उपाय भी बताए हैं जो आपकी राशि पर आधारित विशेष उपाय हैं। जो आप लाल किताब 2026 भविष्यफल के अनुसार, प्रयोग कर सकते हैं और इससे आपको उन समस्याओं से बहुत हद तक छुटकारा प्राप्त हो सकता है और आप एक सुखमय जीवन की कल्पना कर सकते हैं।

भविष्य से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान मिलेगा विद्वान ज्योतिषियों से बात करें

लाल किताब राशिफल 2026 आपको यह जानकारी प्रदान करेगा कि वर्ष 2026 में आपके जीवन के किस क्षेत्र से संबंधित नई उम्मीदें मिलेंगी, किन क्षेत्रों में आपकी उन्नति होगी, वर्ष 2026 के दौरान कौन-कौन सी संभावनाएं आपके लिए निर्मित होंगी। इन सभी के बारे में आपको जानकारी प्राप्त होगी। इससे आपको बहुत लाभ होगा। आप यह पूर्व में ही जान पाएंगे कि वर्ष 2026 आपके लिए कैसा रहने वाला है और इसलिए नव वर्ष 2026 की तैयारी आप पहले से ही कर पाएंगे। किस क्षेत्र में आपको चुनौतियां या संघर्ष का सामना करना है, उनके लिए आप हौसला इकट्ठा कर पाएंगे और डटकर उन चुनौतियों का सामना कर पाएंगे और एक विजेता के रूप में उभर कर सामने आएंगे।

इसके अतिरिक्त आप अपने जीवन को बेहतर तरीके से व्यतीत कर पाएंगे। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर हमने आपके लिए यह वर्ष 2026 का लाल किताब राशिफल निर्मित किया है। हम आपको यह भी बताना चाहेंगे कि यह लाल किताब राशिफल 2026 एस्ट्रोसेज के सुविख्यात ज्योतिषाचार्य एस्ट्रोगुरु मृगांक के द्वारा मुख्य रूप से आप ही के लिए निर्मित किया गया है ताकि आपको ग्रहों की स्थिति, ग्रहों के गोचर और ग्रहों की चाल का संकेत बताया जा सके। इस लाल किताब भविष्यवाणी 2026 के माध्यम से आपको यह भी जानने को मिलेगा कि यदि आपके जीवन में कोई विशेष समस्या आने वाली है तो उसे दूर करने के लिए आपको कौन से विशेष उपाय करने चाहिए। इसके साथ ही जीवन के कौन से क्षेत्र वर्ष 2026 में उभरेंगे और आपको उनमें उन्नति प्राप्त होगी। तो चलिए अब ज्यादा समय नहीं लगाते और आपको विस्तार से बताते हैं साल 2026 के लिए विशेष रूप से आपके लिए निर्मित लाल किताब राशिफल 2026 और जान लेते हैं कि यह राशिफल 2026 आपके लिए क्या भविष्यवाणियां लेकर आ रहा है।

कभी हमारे जीवन में कुछ ऐसी स्थितियां उत्पन्न हो जाती हैं कि तब हमें सही और गलत का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है और हमें अपनी चुनौतियों का हल आसानी से नहीं मिल पाता है। उन समस्याओं को आसानी से हल करने के लिए और आपकी चिंताओं को दूर करने के लिए आप एस्ट्रोसेज एआई की विशेष पेशकश बृहत् कुंडली को प्राप्त कर सकते हैं। यह एक विस्तृत कुंडली है जिसमें आपको आपके निजी और पेशेवर जीवन से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त होंगी और आपकी उन समस्याओं का समाधान भी मिलेगा, तो चलिए अब विस्तार से जानते हैं लाल किताब राशिफल 2026 और जानते हैं कि साल 2026 आपके लिए क्या संकेत लेकर आ रहा है।

Read in English: Lal Kitab 2026

लाल किताब राशिफल 2026: मेष राशि

लाल किताब 2026 के अनुसार, मेष राशिके जातकों के लिए वर्ष 2026 आर्थिक तौर पर थोड़ा उतार-चढ़ाव लेकर आएगा। आमदनी बढ़ेगी, धन प्राप्ति होगी, व्यापार में उन्नति होगी लेकिन पूरे वर्ष खर्च बने रहेंगे जिससे आपको अपनी आर्थिक स्थिति पर ध्यान देने अति आवश्यक हो जाएगा। इस वर्ष बिना सोचे समझे निवेश करना आपको नुकसान दे सकता है।

यदि आपकी स्वास्थ्य समस्याओं की बात करें तो आंखों से संबंधित समस्या, आंखों में जलन, पानी बहना, आंखों की रोशनी पर प्रभाव पड़ना, आदि। इसके अतिरिक्त पैरों में चोट, मोच जैसी स्थितियां और पेट से जुड़े रोग परेशान कर सकते हैं। इस वर्ष लंबी यात्राओं के योग बनेंगे और विदेश यात्रा की स्थिति भी बन सकती है।

विद्यार्थी वर्ग को कठिन चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार रहना होगा। इतना करने के बाद ही आप सफलता की उम्मीद कर सकते हैं। भाई-बहनों का आपको सहयोग मिलेगा और उनके सहयोग से बहुत सारे काम आपके बनते रहेंगे। नौकरी करने वाले जातकों को काम के सिलसिले में ज्यादा भागदौड़ और एक जगह से दूसरी जगह पर जाने की स्थिति बनेगी। व्यापार में अच्छी सफलता देखने को मिलेगी और व्यावसायिक यात्राएं फलदायक साबित होंगी।

प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव के बाद संबंध विच्छेद की स्थिति भी बन सकती है इसलिए आपको सतर्कता बरतनी होगी क्योंकि प्रेम संबंधों के लिए यह वर्ष समस्याएं लेकर आ सकता है और किसी प्रकार का धोखा भी मिल सकता है। विवाहित जातकों के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा। आपके जीवनसाथी के साथ लंबी यात्राओं पर जाने और एक-दूसरे के साथ भरपूर समय बिताने का मौका मिलेगा। अपने ससुराल पक्ष के रिश्तेदारों से आपकी निकटता बढ़ेगी और यात्राएं सफलता दायक साबित होंगी।

मेष राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

अपने गुरु, शिक्षक और परिवार के वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान अवश्य करें।

आपको मंगलवार के दिन किसी उद्यान में अनार के नौ पौधे लगाने चाहिए।

एक मीठी रोटी भूरी गौमाता को खिलाएं।

अपनी जेब में एक लाल रंग का रुमाल अवश्य रखें।

किसी से भी कोई वस्तु मुफ्त में न लें, यहां तक कि कोई उपहार भी लें तो बदले में कोई रिटर्न गिफ्ट दे दें।

किसी न किसी रूप में किसी विधवा महिला की सहायता अवश्य करें।

जीवन में किसी भी समस्या का समाधान पाने के लिए प्रश्न पूछें

लाल किताब राशिफल 2026: वृषभ राशि

लाल किताब 2026 के अनुसार वृषभ राशि के जातकों के लिए यह वर्ष मन की खुशी और परिवार में प्रेम और समरसता का भाव लेकर आएगा। परिवार में वर्ष की शुरुआत में किसी नए सदस्य के आगमन से घर में खुशी की भावना बढ़ेगी और आपस में प्रेम रहेगा। घर की आर्थिक स्थिति में इजाफा होगा। अच्छी आमदनी प्राप्त होगी, धन लाभ के योग बनेंगे, व्यापार में फायदा होगा, नौकरी में भी तनख्वाह वृद्धि आपकी आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाएगी लेकिन बिना सोचे समझे निवेश बने बनाये धन को मिट्टी में मिलाने का काम भी कर सकता है इसलिए आपको इस तरफ से सतर्क रहने की आवश्यकता होगी।

सेहत के लिहाज से यह वर्ष कमजोर साबित हो सकता है। आपको वाहन दुर्घटना का शिकार होने से बचने के लिए सावधानी पूर्वक वाहन चलाना चाहिए। किसी के लड़ाई-झगड़ों में न पड़ें, नहीं तो शारीरिक क्षति उठानी पड़ सकती है। गुप्त समस्याएं और पेट से जुड़े रोग आपकी विशेष परेशानी का कारण बन सकते हैं। इसके अतिरिक्त वसा जनित समस्याएं भी स्वास्थ्य को बिगड़ने का काम कर सकती हैं इसलिए इन सभी समस्याओं के प्रति आपको सावधानी बरतनी चाहिए।

नौकरी करने वाले जातकों को शॉर्टकट अपनाने से बचना चाहिए और अपने कार्यक्षेत्र में कठिन से कठिन चुनौती का डटकर सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए। वरिष्ठ अधिकारी आपसे ज्यादा समय और समर्पण की मांग करेंगे जो कभी-कभी आपको बुरा लगेगा लेकिन अंततः आप उनकी अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे जिसका आपको वर्ष के मध्य में लाभ मिलेगा और आपको पदोन्नति प्राप्त हो सकती है। व्यापार करने वाले जातकों को सोच समझकर आगे बढ़ना चाहिए क्योंकि कुछ खुद की योजनाएं ही गलत दिशा में आगे बढ़कर आपको नुकसान दे सकती हैं इसलिए सोच विचार कर आगे बढ़ना ही बेहतर होगा।

प्रेम संबंधी मामलों में सफलता पाने के लिए कठिन संघर्ष करना पड़ेगा। चोरी छुपे प्यार के जाल में फंसने से बचें और अपने रिश्ते को स्वीकार करें तथा खुलकर उसका समर्थन करें। प्रेम संबंधों में संतुलन लाने के लिए आपको बहुत प्रयास करने होंगे। विवाहित जातकों के लिए यह वर्ष शुरुआत में समस्याएं लेकर आएगा लेकिन वर्ष के मध्य से अच्छी सफलता और प्रेम की भावना देखने को मिलेगी।

वृषभ राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

आपको किसी भी छोटे बालक से बुरा व्यवहार नहीं करना चाहिए और अपनी धर्मपत्नी को भी पूरा सम्मान देना चाहिए।

एक चौकोर चांदी का टुकड़ा सदैव अपने पास रखें यदि ऐसा संभव न हो पाए तो पानी में चांदी का टुकड़ा डालकर उससे स्पर्श किया हुआ जल पिएं।

चांदी के बर्तनों का प्रतिदिन इस्तेमाल आपके लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा।

किसी भी प्रकार के अनैतिक संबंधों में संलिप्तता न रखें।

भोजन में खट्टी चीजों से परहेज करें और शक्कर का प्रयोग करें।

सफेद वस्त्रों का इस्तेमाल ज्यादा करें। इसके अतिरिक्त सफेद वस्तुओं का भी इस्तेमाल करना फायदेमंद रहेगा।

करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट

लाल किताब राशिफल 2026: मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए लाल किताब राशिफल 2026 यह संकेत देता है कि इस वर्ष आपकी बहुत सारी योजनाएं सफलतापूर्वक पूर्ण होंगी जिनका श्रेय आपकी कठोर मेहनत और आपकी लगन को जाएगा और इससे आपको समाज में एक अच्छी स्थिति प्राप्त होगी। आपके मान सम्मान में बढ़ोतरी होगी। संतान से संबंधित अच्छे समाचारों की प्राप्ति होगी और आप अच्छे निर्णय लेने में सफल रहेंगे जिससे बहुत सारे काम आसानी से बन जाएंगे। भाग्य सहायक रहेगा जिससे आपको कम मेहनत में भी कई बार अच्छे परिणाम मिल जाएंगे।

विद्यार्थी वर्ग की चुनौतियों में कमी आएगी और आप अपनी मेहनत से अपनी शिक्षा में अच्छा मुकाम प्राप्त कर पाएंगे। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से यह वर्ष थोड़ा कमजोर साबित हो सकता है। आपको पेट से जुड़ी समस्याएं ज्यादा परेशान कर सकती हैं और उनके परिणाम स्वरूप आपको चिकित्सक से सलाह मशविरा करना पड़ सकता है क्योंकि ये समस्याएं परेशानी में डाल सकती हैं इसलिए अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतें।

आर्थिक दृष्टिकोण से यह वर्ष अच्छा रहेगा। आपकी मेहनत कामयाब होगी। व्यापार करने वाले जातकों को विशेष लाभ के योग बनेंगे। वर्ष की शुरुआत में और वर्ष के अंतिम महीनों में आपके पास अनेक स्रोतों से धन प्राप्ति का मार्ग सुलभ होगा जो आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएगा। नौकरी करने वाले जातकों को भी कार्य क्षेत्र में अच्छी उन्नति प्राप्त होगी जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में वृद्धि होगी।

नौकरी करने वाले जातकों के ऊपर काम का दबाव रहेगा लेकिन वह अपनी सूझबूझ और कार्यकुशलता के बल पर कार्य क्षेत्र में अपनी स्थिति को मजबूत बना पाने में कामयाब रहेंगे। व्यापार करने वाले जातक अपने दिमाग को ठंडा रखेंगे तो बहुत सारे कामों को आसानी से निपटा पाएंगे अन्यथा समस्या हो सकती है। किसी भी महिला के साथ दुर्व्यवहार बिल्कुल न करें क्योंकि ऐसा करना आपके व्यापार के लिए बहुत ज्यादा नुकसानदायक साबित हो सकता है। आप समाज में कुछ अच्छे काम करने के लिए जाने जाएंगे जिससे आपकी स्थिति और बेहतर हो जाएगी।

मिथुन राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

आपको फिटकरी से अपने दांतों को साफ करना चाहिए।

छोटी कन्याओं के चरण छूकर दोनों हाथों से उनका आशीर्वाद प्राप्त करें।

सूर्य देव को तांबे के लोटे में कुमकुम डालकर जल अर्पित करें।

तामसिक भोजन से दूरी बनाएं और सात्विक भोजन ही करें।

चमड़े से बनी वस्तुओं का इस्तेमाल न करें।

मछलियों को किसी एक्वेरियम में न रखें उन्हें मुक्त कर दें और खाने के लिए भोजन दें।

शनि रिपोर्ट के माध्यम से जानें अपने जीवन में शनि का प्रभाव

लाल किताब राशिफल 2026: कर्क राशि

यह वर्ष कर्क राशि के जातकों के जीवन में कुछ अच्छे अवसर लेकर आएगा लेकिन साथ ही साथ खर्चों की भरमार लेकर आएगा। वर्ष की शुरुआत से ही आपके खर्च जरूरत से ज्यादा होंगे जिनमें से कुछ खर्चे तो बहुत अच्छे होंगे यानी कि आप विदेश जाने में कामयाब हो सकते हैं। उसकी वजह से भी खर्च होंगे और कुछ धार्मिक क्रियाकलाप पूजा-पाठ, इत्यादि पर भी खर्च होंगे और कुछ अपनी मौज मस्ती के लिए भी खर्च हो सकते हैं लेकिन कुल मिलाकर खर्चों की अधिकता आपको नियंत्रित करनी होगी नहीं तो यह आपकी आर्थिक स्थिति पर बोझ डाल सकते हैं। आर्थिक दृष्टिकोण से आपको सावधान रहकर काम करना होगा। हालांकि शनि महाराज की कृपा से धन प्राप्ति होती रहेगी। बिना सोचे समझे निवेश करना नुकसानदायक रहेगा।

विद्यार्थी वर्ग के लिए चुनौतियों से भरा समय रहेगा लेकिन वह मेहनत के दम पर अपनी सफलता को प्राप्त करने हेतु दो कदम आगे बढ़ सकते हैं। प्रेम संबंधी मामलों में रूमानियत भरे पल की प्राप्ति होगी लेकिन आपसी संघर्ष भी बढ़ेंगे और कई बात को लेकर गलतफहमी उत्पन्न हो सकती हैं। विवाहित जातकों को कठोर चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा, विशेष रूप से वर्ष की शुरुआत कुछ कठिन रहेगी। वर्ष के मध्य में स्थितियां नियंत्रित हो सकती हैं।

स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से इस वर्ष आपको कुछ समस्याएं परेशान कर सकती हैं। गैस्ट्रिक, अपच, एसिडिटी, बड़ी आंत से संबंधित समस्या और आंखों से जुड़े रोग आपकी परेशानी का कारण बन सकते हैं, उनके प्रति सावधानी बरतें और समय रहते चिकित्सक से संपर्क करके इनका उपचार करा लें ताकि आपको कोई बड़ी समस्या न हो।

नौकरी करने वाले जातकों को कुछ विरोधियों का सामना करने के लिए तैयार रहना चाहिए लेकिन आप अपने आप को मजबूत बनाकर रखेंगे तो विरोधी कुछ नहीं कर पाएंगे। व्यापार करने वाले जातकों के लिए वर्ष की शुरुआत चुनौती पूर्ण रहेगी। हालांकि वर्ष के मध्य से आगे का समय अनुकूलता लेकर आएगा और व्यापार में उन्नति प्रदान करेगा।

कर्क राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

आपको अपनी माता जी का सम्मान करना चाहिए। यदि संभव हो तो उनसे चांदी और चावल लेकर अपने पास रखें।

किसी गरीब कन्या के विवाह में मदद करें या उसके कन्यादान में समान दें।

प्रतिदिन श्री दुर्गा माता जी की पूजा अर्चना करें और श्री दुर्गा चालीसा का पाठ करें।

भरपूर गर्मी के दिनों में जल सेवा करें।

किसी भी व्यक्ति को तीर्थ यात्रा पर जाने से रोकने का प्रयास न करें और स्वयं भी किसी धार्मिक स्थल पर जाएं तो नंगे पैरों से जाएं।

जहां कहीं भी आपको संभव हो वहां रोगियों को मुफ्त में दवा वितरित करें।

लाल किताब राशिफल 2026: सिंह राशि

यह वर्ष सिंह राशि के जातकों के लिए आत्ममंथन का वर्ष रहेगा। आपको अपनी गलतियों से सीखना होगा और यह जानने का प्रयास करना होगा कि कहीं आप गलत दिशा में तो आगे नहीं बढ़ रहे हैं। ऐसा सोच विचार कर आगे बढ़ना आपके जीवन में सफलता प्रदान करेगा। स्वयं को एकांकी समझने से बचें और अधिकतर समय लोगों के साथ बिताएं तथा अकेलेपन से दूर रहने का प्रयास करें।

प्रेम संबंधी मामलों में आपको अच्छे परिणामों की प्राप्ति होगी। ऐसा भी संभव है कि आपको अपने प्रियतम के अतिरिक्त किसी अन्य में भी रुचि उत्पन्न हो जाए। हालांकि यह आपके लिए असमंजस और परेशानी का कारण भी बन सकती है इसलिए आपको सोच समझकर ही कदम आगे बढ़ाना चाहिए। विवाहित जातकों को अपने जीवनसाथी के स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए और उनके विचारों को महत्व देना चाहिए ताकि आपके बीच का रिश्ता मजबूती से आगे बढ़ सके। ससुराल पक्ष का हस्तक्षेप अपने निजी जीवन में न होने दें अन्यथा आपको समस्या महसूस होगी।

आर्थिक दृष्टिकोण से यह वर्ष आपके लिए उन्नतिवान साबित होगा। आपको एक से ज्यादा माध्यमों से धन की प्राप्ति होगी। नौकरी करते हैं तो नौकरी में आपको पदोन्नति के परिणामस्वरूप अच्छा धन मिलेगा। व्यापार में भी कई लाभ आपका इंतजार कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त शेयर बाजार में निवेश करने के बाद आपको प्रतिफल के रूप में अच्छा धन प्राप्त हो सकता है। अन्य किसी योजना में भी धन पूर्व में निवेश किया था तो उसका लाभ भी आपको इस वर्ष प्राप्त हो सकता है जिससे आपकी आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी और खर्च भी नियंत्रित रहेंगे। किसी अपने के कहने में आकर गलत जगह धन का निवेश न करें।

नौकरी करने वाले जातकों को कठिन परिश्रम से गुजरना होगा। कई बार ऐसा लगेगा कि आपका महत्व नहीं माना जा रहा है लेकिन आप अपने काम से पीछे न हटें। वर्ष का अंत होने से पूर्व आपको प्रतिफल अवश्य प्राप्त हो जाएगा। व्यापार करने वाले जातकों के लिए यह वर्ष अच्छी उन्नति का है। आप लंबी यात्राएं करेंगे। विदेशी संपर्कों से भी व्यापार में उन्नति के प्रबल योग बनेंगे।

सिंह राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

आपको कोई भी शुभ कार्य आरंभ करने से पूर्व मीठा अवश्य खाना चाहिए।

सही और गलत का भेद जानकर ही सही रास्ते पर चलें। गलत आदतों से बचना आपके लिए बेहतर रहेगा।

अपने भांजे, दामाद और साले साहब की आवभगत करें और उन्हें खुश रखने का प्रयास करें।

दृष्टि विहीन लोगों को भोजन कराएं।

जटा वाला नारियल और अखरोट का दान किसी धार्मिक स्थल पर करें।

आपकी कुंडली में भी है राजयोग? जानिए अपनी राजयोग रिपोर्ट

लाल किताब राशिफल 2026: कन्या राशि

इस वर्ष कन्या राशि के जातकों को मिले-जुले परिणाम प्राप्त होंगे। वर्ष की शुरुआत से ही आपके खर्चे बढ़े हुए रहेंगे जो वर्ष के अंतिम महीने तक जाकर कम होंगे लेकिन पूरे वर्ष व्यर्थ के खर्च होंगे। अचानक से खर्च आपके सामने आएंगे जो आपकी आर्थिक स्थिति पर भरपूर दबाव डालेंगे। बीच-बीच में आमदनी अच्छी होती दिखेगी लेकिन खर्च उस पर हावी होते दिखेंगे इसलिए आपको उनके बीच संतुलन बिठाने पर ध्यान देना होगा नहीं तो आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है।

विद्यार्थी वर्ग को उनकी मेहनत के अनुपात में अच्छे परिणामों की प्राप्ति होगी और उनका परीक्षा फल भी अच्छा आने की संभावना बनेगी। प्रतियोगिता परीक्षा में भी आपका चयन होने का अच्छा योग बन रहा है। पारिवारिक जीवन में वाहन और संपत्ति खरीदने का योग बन सकता है जिससे घर में खुशहाली रहेगी। हालांकि कुछ बातों पर लेकर विरोधाभास भी सामने आएगा।

प्रेम संबंधी मामलों के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा। आप अपने प्रियतम के साथ भरपूर समय बिताने में सफल रहेंगे। एक-दूसरे को अच्छे से समझेंगे और शादी की बात आगे बढ़ाने का प्रयास भी किया जाएगा। जो लोग पूर्व में विवाहित हैं, उनके लिए यह वर्ष एक अच्छा अनुशासित वर्ष साबित होगा जब आप और आपके जीवनसाथी के मध्य निकटता बढ़ेगी। एक-दूसरे को और अच्छे से समझ पाएंगे। एक-दूसरे का उजला पक्ष सामने दिखाई देगा जिससे प्रेम बढ़ेगा और एक-दूसरे को बेहतर तरीके से समझ कर अपने परिवार का लालन-पालन अच्छे से कर पाएंगे और एक आदर्श जीवनसाथी के रूप में आगे बढ़ेंगे।

नौकरी करने वाले जातकों को कार्यक्षेत्र में उत्तम तरक्की मिलेगी। आपकी तरक्की होगी यानी कि आपको पदोन्नति मिलने के योग बनेंगे। वरिष्ठ अधिकारी आपके काम से प्रसन्न रहेंगे और आपको सहयोग देंगे लेकिन आपको अति आत्मविश्वास का शिकार होने से बचना होगा नहीं तो अपने आप ही आप अपना पैर कुल्हाड़ी पर मार सकते हैं। यह वर्ष नौकरी में अच्छी सफलता देगा। व्यापार करने वाले जातकों को विदेशी माध्यम और विदेशी लोगों से बहुत ज्यादा लाभ होगा और व्यापार का विस्तार भी होने के योग बनेंगे। आप कोई नया व्यवसाय भी इस वर्ष शुरू कर सकते हैं जिसमें आपको आशातीत सफलता हासिल हो सकती है।

कन्या राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

आपको किसी भी व्यक्ति के प्रति अपशब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए और जहां तक संभव हो, क्रोध करने की आदत से भी बचें।

काले रंग के कपड़ों का दान करना आपके लिए लाभदायक साबित होगा।

श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ और श्री चंडी हवन कराएं।

शुक्रवार के दिन छोटी कन्याओं को कुछ सफेद रंग का मीठा अवश्य खिलाएं।

चांदी का छल्ला धारण करना आपके लिए शुभ रहेगा।

साबुत काली उड़द का दान शनिवार के दिन करें।

प्रेम संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लीजिये प्रेम संबंधी परामर्श

लाल किताब राशिफल 2026: तुला राशि

इस वर्ष तुला राशि के जातकों को बहुत यात्रा करने का मौका मिलेगा। अपने भाई-बहनों से संबंधों के सुधार पर आपका बहुत ध्यान देना होगा क्योंकि वह बनते बिगड़ते रहेंगे। रिश्तेदारों, पड़ोसियों से कई बार मनमुटाव होगा तो कई बार बहुत ज्यादा दोस्ताना संबंध होंगे जिससे आपको बहुत अच्छा भी महसूस होगा। कार्यक्षेत्र में आपको अपने सहकर्मियों से कई बार सहयोग प्राप्त होगा लेकिन कई बार आपको उनकी वजह से परेशानी उठानी भी पड़ सकती है।

आर्थिक रूप से यह वर्ष आपकी चुनौतियों को बढ़ाएगा और आपकी आमदनी को निरंतर बनाए रखने में कुछ मुश्किलें उत्पन्न कर सकता है इसलिए आपको अपनी तरफ से ज्यादा ध्यान देना पड़ेगा जिससे कि आप समस्याओं से बच पाएं आपका बार-बार मन करेगा कि आप शेयर बाजार में निवेश करें जो कई बार आपको अच्छा परिणाम भी देगा लेकिन उसके लिए आपको सही सलाह लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

ससुराल पक्ष से मनमुटाव संभव है। प्रेम संबंधों के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा। आपके प्रेम विवाह की बात भी आगे बढ़ सकती है और आपके प्रियतम से आपको अपने दिल की बात कहने में आसानी होगी। विवाहित जातकों को वर्ष की शुरुआत में कठिन चुनौतियों से जूझना पड़ेगा और जीवनसाथी से लड़ाई-झगड़ा भी हो सकता है लेकिन वहीं वर्ष के उत्तरार्ध में आपके रिश्तों में सुधार होगा, चुनौतियां कम होंगी और आपसी तालमेल पहले से बेहतर हो जाएगा। यदि आप संतान प्राप्ति की इच्छा रखते हैं तो आपकी यह इच्छा इस वर्ष पूरी हो सकती है।

नौकरी करने वाले जातकों को नौकरी में स्थायित्व मिलेगा और उनकी मेहनत कामयाब होगी। कार्यक्षेत्र में आपको उत्तम सफलता मिल सकती है। आपको अति आत्मविश्वास का शिकार होने से बचना चाहिए। वर्ष के मध्य में पदोन्नति के योग बन सकते हैं। व्यापार करने वाले जातकों को छोटी-छोटी यात्राओं से और अपनी मेहनत के दम पर अच्छा व्यावसायिक लाभ मिल सकता है जिससे इस वर्ष उनके व्यापार की अच्छी उन्नति होगी।

तुला राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

आपको अपने घर में गोमूत्र डालकर पोंछा लगवाना चाहिए।

प्रतिदिन अपने भोजन से एक रोटी सर्वप्रथम गौग्रास की अवश्य निकालें।

किसी धार्मिक स्थल पर बेलन, तवा, चकला, चिमटा, आदि का दान करें।

यदि आप महिला हैं तो स्वयं और यदि आप पुरुष हैं तो अपनी धर्मपत्नी से कहें कि वह मांग में टीका लगाएं।

परिवार की स्त्रियों को बोलें‌ कि वे जमीन पर नंगे पैर न चलें।

माता-पिता की आज्ञा से विवाह करना आपके लिए हितकारी रहेगा।

लाल किताब राशिफल 2026: वृश्चिक राशि

लाल किताब 2026 के अनुसार, वृश्चिक राशि के जातकों को इस वर्ष पारिवारिक तनाव के बीच स्वयं को साबित करने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे। वर्ष की शुरुआत में आर्थिक समृद्धि अच्छी होगी। धन संचित करने में लाभ मिलेगा। आपका बैंक बैलेंस बढ़ेगा। परिवार में खुशी आएगी। कोई कार्यक्रम आयोजित हो सकता है जिसमें अतिथियों का आगमन रहेगा और उससे घर में रौनक रहेगी। आप धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे जिससे आपको मानसिक शांति मिलेगी।

विद्यार्थी वर्ग को कठिन चुनौतियों के बाद ही सफलता मिलेगी। मेहनत ही आपका मूल मंत्र होगा। प्रतियोगिता परीक्षा में वर्ष के मध्य में चयन होने की स्थिति बन सकती है। प्रेम संबंधी मामलों में आपको उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ेगा। आपके प्यार की बार-बार परीक्षा होगी। यदि आप प्यार में सच्चे हैं तो आपका रिश्ता मजबूत होगा। आपको परिजनों से अपने रिश्ते के बारे में बातचीत करनी चाहिए जिससे उनका साथ आपको मिल सके। विवाहित जातकों को जीवनसाथी के सहयोग से धन लाभ होगा और परिवार में जीवनसाथी का योगदान महत्वपूर्ण तरीके से परिलक्षित होता हुआ दिखाई देगा।

नौकरी करने वाले जातकों को कार्यक्षेत्र में कुछ समस्याएं होंगी। आपको लगेगा कि आपका दोहन हो रहा है और आपका काम वह नहीं है जिसके लिए आपको नियुक्त किया गया है। इससे मन में बार-बार ठेस पहुंचेगी और आप नई नौकरी की तलाश में लग जाएंगे। वर्ष के मध्य में नौकरी मिलने की स्थिति बन सकती है। जो लोग बेरोजगार हैं, उन्हें भी नौकरी की प्राप्ति हो सकती है। व्यापार करने वाले जातकों को व्यापार में उत्तम लाभ होगा। नए संपर्क और विदेशी माध्यमों से भी व्यापार में सफलता के योग बनेंगे।

स्वास्थ्य के मामले में आपको ध्यान रखने की आवश्यकता पड़ेगी। पेट से जुड़े रोग, मुंह और दांतों से जुड़ी समस्याएं इस वर्ष ज्यादा परेशान कर सकती हैं। छाती का संक्रमण भी आपके लिए कठिन स्थितियां उत्पन्न कर सकता है इसलिए आपको अपने स्वास्थ्य पर विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता पड़ेगी। नई दिनचर्या को अपनाने के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा।

वृश्चिक राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

बड़े भाई का सम्मान करें और उनकी बातों को नजरअंदाज न करें।

लोहे अथवा बिजली का सामान किसी से भी फ्री में न लें।

पीपल और कीकर के वृक्ष को न काटें और न ही उसकी शाखाओं को तोड़ें।

श्री हनुमान चालीसा का पाठ मंगलवार के दिन अवश्य करें और हनुमान जी को चोला चढ़ाएं।

प्रातः काल उठकर शहर का सेवन करें और परिवार के बड़े सदस्यों और बुजुर्गों की सेवा करें।

मीठी रोटी जो तंदूर से बनी हो, गरीब व्यक्तियों को खिलाएं।

लाल किताब राशिफल 2026: धनु राशि

लाल किताब 2026 के अनुसार, यह वर्ष धनु राशि के जातकों के लिए अच्छा रहेगा। आपका आत्मविश्वास बढ़ेगा। आपकी सुनी जाएगी। कार्यक्षेत्र हो या सामाजिक क्षेत्र सभी जगह आपका दबदबा रहेगा। आप यदि राजनीति के क्षेत्र में हैं तो उत्तम सफलता मिलेगी और किसी चुनाव में आपको उत्तम विजय मिल सकती है। अपने क्रोध पर नियंत्रण रखना आपके लिए चुनौती सरीखा होगा और यदि आप ऐसा कर पाने में सक्षम हुए तो यह वर्ष आपको बुलंदियों पर ले जाएगा।

पारिवारिक जीवन से कुछ समय के लिए दूरी हो सकती है। काम की व्यस्तता इसका मुख्य कारण हो सकती है। छोटी-छोटी यात्राएं अधिक होंगी। धार्मिक तीर्थ यात्रा भी करेंगे। विद्यार्थी वर्ग के लिए यह वर्ष उत्तम सफलता का वर्ष साबित हो सकता है। आप जितनी ज्यादा मेहनत करेंगे, भाग्य का साथ भी मिलेगा और आपका चयन किसी विशेष परीक्षा में होगा। मानसिक तनाव को स्वयं पर हावी न होने दें। इससे स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ सकती हैं और कार्यों में रुकावट आ सकती है।

प्रेम संबंधी मामलों के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा। आपका हौसला बढ़ा-चढ़ा रहेगा। आप अपने प्रियतम के लिए बहुत कुछ करेंगे और अपने प्यार को महत्व देंगे जिससे आपके प्रियतम के दिल में आपके लिए पक्की जगह रहेगी और उससे आपका रिश्ता और विश्वसनीय बनेगा। विवाहित जातकों के लिए यह वर्ष शुरुआत में बहुत उत्तम रहेगा और जीवनसाथी से आपका सामंजस्य बढ़िया रहेगा। आपसी समझदारी बढ़ेगी। वर्ष के मध्य में कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं।

नौकरी करने वाले जातकों को नौकरी में अभूतपूर्व सफलता मिलेगी। काम के सिलसिले में यात्रा होगी। वरिष्ठ अधिकारियों का सानिध्य प्राप्त होगा। अपने विरोधियों और सहकर्मियों के व्यवहार पर नजर बनाए रखें, उनमें से कोई आपको कष्ट दे सकता है। व्यापार करने वाले जातकों के लिए वर्ष की शुरुआत उत्तम रहेगी। व्यापार में विस्तार के योग भी बनेंगे। वर्ष के उत्तरार्ध में व्यापार में कुछ असामान्य स्थितियान परेशानी दे सकती हैं, उनके प्रति सचेत रहें।

धनु राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

जो कोई भी आपके घर आए, उसे किसी भी कारण निराश न लौटने दें।

गुरुजनों और गुरु समान लोगों का आदर सत्कार और सम्मान करें और पीपल के वृक्ष की पूजा करें।

परिवार में कुल पुरोहित का आदर करें और उनकी कही हुई बातों का अनुसरण करें।

जब भी संभव हो अपने घर पर गुरुजनों और साधु संतों, संन्यासियों को भोजन कराएं।

अपने परिवार के लोगों को साथ लेकर वर्ष के दौरान समय-समय पर तीर्थ यात्रा का अवश्य करें।

अपने घर पर पीले फूल वाले पौधे लगाएं और उनको जल देकर उनकी पालना करें।

लाल किताब राशिफल 2026: मकर राशि

लाल किताब राशिफल 2026 के अनुसार, यह वर्ष मकर राशि के जातकों के लिए खर्चों से भरा रहेगा। आपके खर्च हद से ज्यादा होंगे जो आपकी आमदनी पर प्रभाव डालेंगे। ऐसा वर्ष के पूर्वार्ध में होगा। वर्ष के उत्तरार्ध में इन चुनौतियों में कमी आएगी और अक्टूबर के अंत तक आपके पास अधिक मात्रा में धन आता रहेगा जो आपकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाएगा। इस वर्ष आपके विदेश यात्रा के प्रबल योग बनेंगे। कोई भी कानून के विरुद्ध जाकर कार्य न करें क्योंकि विदेश के स्थान पर जेल जाने की स्थिति भी बन सकती है। हालांकि ग्रहों की स्थिति आपको इस स्थिति से निकलने में भी मदद करेगी।

पारिवारिक संबंधों के लिए वर्ष अच्छा रहेगा। प्रेम संबंधी मामलों में आपको उसकी थोड़ी सावधानी रखनी पड़ेगी। ज्यादा भावुक होकर निर्णय लेने की बजाय व्यावहारिक रूप से हर परिस्थिति को समझने का प्रयास करेंगे तो आपके प्रियतम से आपकी निकटता बढ़ेगी अन्यथा समय-समय पर लड़ाई-झगड़ा आपको परेशान करेंगे। विवाहित जातकों के लिए यह वर्ष अनुकूलता लेकर आएगा। वर्ष की शुरुआत में ही आपके बीच रूमानियत भरे पल और समय बिताने का भरपूर मौका होगा। आप किसी ऐसी जगह पर छुट्टी मनाने जाएंगे, जहां आपके अतिरिक्त कोई और न हो जिससे एक दूसरे पर ज्यादा ध्यान दे सकें।

विद्यार्थियों को मेहनत का परिणाम मिलेगा और वह सफल होंगे जबकि नौकरी करने वाले जातकों को अपने पराक्रम का प्रदर्शन करना पड़ेगा और लगातार मेहनत करना जारी रखना होगा तभी आपको सफलता मिलेगी। वर्ष के मध्य में आपको पदोन्नति की सौगात मिल सकती है।

व्यापार करने वाले जातकों के लिए यह वर्ष अनुकूलता लेकर आएगा। विदेशी माध्यमों से भी व्यापार को विस्तार मिलने के योग बनेंगे। जून से अक्टूबर के बीच का समय आपके व्यापार के लिए सबसे अधिक उपयोगी साबित होगा और इस दौरान आपके व्यापार में वृद्धि होगी। कुछ नए लोगों से संपर्क स्थापित होंगे जिससे आपकी आर्थिक स्थिति भी बढ़िया होगी और व्यापार को मजबूती मिलेगी। स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से इस वर्ष की शुरुआत कठिन रहेगी। हालांकि उसके बाद से स्वास्थ्य में सुधार देखने को मिलेगा।

मकर राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

बंदरों को कुछ न कुछ खाने को दें और उनकी सेवा करें।

झूठ बोलने से बचने की कोशिश करें।

मजदूरों, कौवे, भैंसों, आदि को भोजन कराएं।

पूर्व मुखी मकान में रहें या घर के पूर्व दिशा को हल्का, स्वच्छ और सुंदर बनाएं।

अखरोट का दान किसी धार्मिक स्थल पर करें।

विवाहेतर संबंधों में लिप्त होने से बचें।

आर्थिक समस्याओं के समाधान के लिए लीजिये धन सम्बन्धी परामर्श

लाल किताब राशिफल 2026: कुंभ राशि

लाल किताब 2026 के अनुसार, यह वर्ष कुंभ राशि के जातकों के जीवन में शुरुआत में बहुत अच्छे परिणाम लेकर आएगा। आप जो इच्छा करेंगे, वह इच्छा पूरी होगी। सामाजिक दायरा बढ़ेगा। आपके दोस्तों की संख्या बढ़ेगी। आपके विरोधियों की संख्या कम होगी और आपके प्रशंसक बढ़ेंगे। आप लोकप्रियता हासिल करेंगे। भाग्य का साथ मिलने से आपके सभी काम बनेंगे और आपको हर कार्य को करने में आसानी होगी।

विद्यार्थी वर्ग के लिए वर्ष करिश्माई वर्ष साबित हो सकता है। आपने जो मेहनत की, उससे कहीं ज्यादा आपको लाभ मिल सकता है। न केवल प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता मिल सकती है बल्कि आप जहां भी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, वहां पर आपको बहुत अच्छी स्थिति प्राप्त हो सकती है। प्रेम संबंधी मामलों के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा। आप और आपके प्रियतम के बीच नजदीकियां बढ़ेंगी। आपके प्यार में खुशियां भी आएंगी और ईश्वरीय आशीर्वाद आपको प्राप्त होगा जिससे आपका रिश्ता मजबूत होगा और परिपक्वता के साथ आगे बढ़ेगा। वर्ष की शुरुआत में आप अपने प्रियतम के लिए कोई महंगा तोहफा लेकर आ सकते हैं जो उन्हें पूरे वर्ष याद रहेगा। विवाहित जातकों को वैवाहिक संबंधों में उतार-चढ़ाव और कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा। गलतफहमियों के कारण विरोधाभास अधिक हो सकता है जिससे रिश्ते में समस्याएं बढ़ सकती हैं। अक्टूबर के अंत से दिसंबर के बीच रिश्ते में सुधार देखने को मिल सकता है।

आर्थिक दृष्टिकोण से यह वर्ष शुरुआत में बहुत अच्छा रहेगा और आपके पास एक से ज्यादा माध्यमों से धन आएगा। वर्ष के मध्य में यानी कि जून से अक्टूबर के बीच खर्चों की अधिकता रहेगी और आमदनी में कमी आपको परेशान करेगी लेकिन अक्टूबर से दिसंबर के बीच फिर से धन प्राप्ति के अच्छे योग बनेंगे जो आपको सफलता देंगे और आर्थिक मजबूती देंगे।

नौकरी करने वाले जातकों के लिए यह वर्ष अच्छा साबित होगा। आप अपनी तनख्वाह से बहुत कुछ बचत भी कर पाएंगे और आपका रहन-सहन अच्छी स्थिति में आ जाएगा। कार्यक्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारी आपका सहयोग करेंगे। वर्ष के मध्य का समय चुनौतियां और विरोधियों से भरा रहेगा। इस दौरान स्वतंत्रता से काम करें और मेहनत करते रहें। व्यापार करने वाले जातकों को इस वर्ष कुछ तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ेगा जो वर्ष के अंतिम तिमाही तक सुलझ जाएंगी और आपका व्यापार ठीक-ठाक गति से आगे बढ़ेगा।

कुंभ राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

शनिवार को चीटियों को चीनी और आटा मिलाकर डालें।

चांदी का चौकोर टुकड़ा हमेशा अपने पास रखें।

श्री काल भैरव मंदिर में शराब और सरसों का तेल अर्पित करें लेकिन स्वयं शराब का सेवन न करें।

शनिवार के दिन व्रत रखना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।

दक्षिण मुखी मकान में रहना आपके लिए लाभदायक नहीं है, इसे बदल सकते हैं तो बदल दें।

सोने के आभूषण धारण करें।

लाल किताब राशिफल 2026: मीन राशि

लाल किताब 2026 के अनुसार मीन राशि के जातकों को इस वर्ष कठोर मेहनत के लिए तैयार रहना होगा। जितना ज्यादा आप मेहनत करेंगे, उतनी ही ज्यादा सफलता आप अर्जित कर पाएंगे। वर्ष की शुरुआत में आपको समाज में बड़ा पद प्राप्त हो सकता है। आपका मान-सम्मान होगा। आपको सामाजिक तौर पर पुरस्कृत किया जा सकता है। कड़वे वचनों से बचेंगे तो आपके रिश्ते अच्छे रहेंगे। पारिवारिक सदस्यों का सहयोग पूरे वर्ष आपको मिलता रहेगा।

वर्ष 2026 के दौरान आपको अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पड़ेगी। राहु का प्रभाव आपके लिए अत्यधिक अनुकूल न होने के कारण आपको शारीरिक समस्याएं समय-समय पर परेशान करेंगी। दूसरी तरफ यही राहु विदेश यात्रा में आपकी मदद करेंगे और विदेश जाने के लिए आप लगातार प्रयास कर रहे हैं तो इस वर्ष आपको सफलता भी प्रदान करेंगे। विद्यार्थी वर्ग को शिक्षा के क्षेत्र में अच्छी सफलता मिल सकती है लेकिन आपको अपनी एकाग्रता को बढ़ाना होगा।

प्रेम संबंधी मामलों के लिए यह वर्ष मध्यम रहेगा। बहुत सारी चुनौतियां आपका इंतजार कर रही हैं जो आपके रिश्ते में परेशानियां उत्पन्न करेंगे और आपको इनका सामना करने के लिए तत्पर रहना होगा। कई बार आपके विश्वास को परखा जाएगा पर यही आपके रिश्ते को मजबूत बनाने का आधार बनेगा। स्वयं पर भरोसा रखें और रिश्ते को महत्व दें। विवाहित जातकों के लिए यह वर्ष चुनौतीपूर्ण रहेगा। कई मामलों में आपका कड़वा व्यवहार रिश्तों में तनाव बढ़ाएगा लेकिन आपके जीवनसाथी का प्रेम पूर्वक व्यवहार आपके रिश्ते की नींव बनेगा और इसी से आपका रिश्ता ठीक-ठाक चलेगा। आपको अपने जीवनसाथी की बातों को सुनना चाहिए और आवश्यक होने पर उनसे सलाह भी लेनी चाहिए।

वर्ष की शुरुआत आपकी आर्थिक स्थिति के लिए अच्छी रहेगी लेकिन राहु का प्रभाव आपके खर्चों को बढ़ता रहेगा जो पूरे वर्ष आपको परेशान रखेगा लेकिन दिसंबर में जाकर आपके खर्चों में अचानक से कमी आएगी और एकदम से आमदनी का उछाल देखने को मिलेगा जिससे आपको परेशानियों से बाहर निकलने की खुशी मिलेगी। शेयर बाजार में निवेश सोच समझकर करें। हालांकि सरकारी बचत योजनाओं तथा कुछ अन्य क्षेत्रों से आपके पास धन आगमन के प्रबल योग बनेंगे।

नौकरी करने वाले जातकों को कार्यक्षेत्र में भरपूर सम्मान मिलेगा। वर्ष की शुरुआत आपको एक बड़े मुकाम पर लेकर जाएगी। आपको बड़ा पद और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है जिसे संभालना थोड़ा सा चुनौतीपूर्ण होगा लेकिन आप अपनी काबिलियत के दम पर उसे संभाल लेंगे। कार्यक्षेत्र में किसी से भी दुर्व्यवहार करना आपको परेशानी में डाल सकता है, इसका ध्यान रखें! व्यापार करने वाले जातकों को विदेशी माध्यमों से अच्छा व्यापार प्राप्त होगा और व्यवसाय के संबंध में की गई यात्राएं सफलता दायक साबित होंगी।

मीन राशि के लिए लाल किताब उपाय 2026

जीवन के महत्वपूर्ण कार्यों में जीवनसाथी से सलाह मशविरा करें और संभव हो तो उनकी मदद से अपना व्यापार भी करें।

किसी से कोई भी ऐसा वचन न कहें, जो आप पूरा न कर पाएं।

अपने कुल पुरोहित का आशीर्वाद सदैव किसी भी महत्वपूर्ण कार्य से पहले अवश्य लें।

अपनी कुलदेवी और कुलदेवता का पूजन अवश्य करें और नियमित रूप से करें।

किसी व्यक्ति के सामने या खुले में स्नान न करें।

किसी भी तीर्थ स्थल का दर्शन अवश्य करें।

सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर

हम आशा करते हैं कि वर्ष 2026 आपके लिए शुभ और मंगलमय हो। एस्ट्रोसेज की ओर से नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं!

Talk to Astrologer Chat with Astrologer