H2: सूर्य ग्रहण 2027 (Surya Grahan 2027) – सम्पूर्ण जानकारी
2027 में होने वाले सूर्य ग्रहण: उनका ज्योतिषीय विवेचन, शास्त्रीय दृष्टिकोण एवं राशियों पर प्रभाव
सूर्य को ज्योतिष शास्त्र में 'आत्मा कारक' माना जाता है। सूर्य को समस्त संसार की ऊर्जा का केंद्र माना गया है इसीलिए जब-जब सूर्य पर ग्रहण लगता है, तब-तब न केवल खगोलीय जगत में एक अद्भुत घटना घटित होती है, बल्कि सम्पूर्ण पृथ्वी पर इसका गहरा प्रभाव पड़ता है। सजीव हों या फिर निर्जीव सभी पर सूर्य ग्रहण का गहरा प्रभाव पड़ता है। देश दुनिया की राजनीति की बात हो या फिर अर्थव्यवस्था की बात, सूर्य पर ग्रहण लगने के बाद उनमें सकारात्मक हो या फिर नकारात्मक कुछ न कुछ प्रभाव ऐसा पड़ता है, जिसे जन सामान्य भी सहजता से महसूस कर पाते हैं। सबसे बड़ी बात यह कि प्रत्येक मानव की कुंडली पर भी इसका प्रभाव देखने को मिलता है।
भविष्य से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान मिलेगा विद्वान ज्योतिषियों से बात करके
वैदिक ज्योतिष और पारंपरिक पंचांग की काल गणनाओं के अनुसार साल 2027 में एक नहीं बल्कि दो बड़े सूर्य ग्रहण पड़ने वाले हैं, अर्थात घटित होने वाले हैं। इसलिए साल 2027 भी खगोलीय और ज्योतिषीय दृष्टिकोण से बहुत महत्वपूर्ण रहने वाला है। तो आइए “एस्ट्रोसेज AI” के इस लेख के माध्यम से 2027 में लगने वाले इन दोनों सूर्य ग्रहणों पर चर्चा करते हुए जानते हैं कि वैदिक ज्योतिष के सिद्धांतों, पंचांग की सूक्ष्म गणनाओं और शास्त्रीय नियमों के आधार पर वर्ष 2027 में लगने वाले इन दोनों सूर्य ग्रहणों का देश दुनिया और हम पर कैसा प्रभाव पड़ने वाला है?
यह विशेष लेख एस्ट्रोसेज के वरिष्ठ ज्योतिषी पंडित हनुमान मिश्रा द्वारा तैयार किया गया है। यदि आप सूर्य ग्रहण 2027 से जुड़ी सभी जानकारी एक ही स्थान पर पाना चाहते हैं, तो इसे शुरू से अंत तक अवश्य पढ़ें।
Click Here to Read in English: Solar Eclipse 2027
वर्ष 2027 में कुल दो सूर्य ग्रहण लगने वाले हैं। पहला सूर्य ग्रहण साल के शुरुआती हिस्से में ही अर्थात फरवरी के महीने में ही पड़ेगा जबकि दूसरा सूर्य ग्रहण साल 2027 के मध्य भाग में यानी कि अगस्त के महीने में पड़ने वाला है। शास्त्रों के नियमों के अनुसार, किसी भी ग्रहण का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व तभी पूरी तरह से फलित, मान्य अथवा प्रभावी होता है जब वह संबंधित क्षेत्र में दृश्यमान हो अर्थात दिखाई दे। इसे सहज शब्दों में कहें तो यदि कोई ग्रहण कहीं दिखाई पड़ता है, तभी उसका प्रभाव भी उस क्षेत्र में पड़ता है। यदि ग्रहण किसी क्षेत्र में दिखाई नहीं देता तो उस क्षेत्र में उस ग्रहण का प्रभाव भी नहीं पड़ता। अर्थात जहां ग्रहण दिखता है वहीं उसका प्रभाव पड़ता है। जहां नहीं दिखता वहां उसका प्रभाव भी नहीं पड़ता।
साल 2027 का पहला सूर्य ग्रहण जो की एक वलयाकार सूर्य ग्रहण अर्थात कंंकण सूर्य ग्रहण होगा जो 6 फरवरी 2027 को घटित होगा। पंचांगों के अनुसार उस दिन माघ महीने की अमावस्या तिथि रहेगी और दिन रहेगा शनिवार।
ग्रहण के स्वरूप की बात करें तो यह कंकण सूर्य ग्रहण अर्थात वलयाकार सूर्य ग्रहण (Annular Solar Eclipse) के रूप में रहेगा; जिसे खगोल विज्ञान में 'रिंग ऑफ फायर' (Ring of Fire) भी कहा जाता है। इसमें चंद्रमा सूर्य को पूरी तरह से नहीं ढक पाता, फलस्वरूप सूर्य का बाहरी किनारा एक चमकते हुए कंगन या छल्ले की भांति दिखाई देता है। इसीलिए धर्मिक पुस्तकों में इसका “कंकण सूर्य ग्रहण” के नाम से उल्लेख मिलता है।
भारतीय मानक समय अर्थात भारतीय स्टैंडर्ड टाइम के अनुसार यह ग्रहण 6 फरवरी 2027 की शाम को 6:27 अर्थात 18:27 से शुरू होगा और 6 तथा 7 फरवरी की मध्य रात्रि जो अंग्रेजी तिथि के अनुसार 7 फरवरी 2027 ही कही जाएगी; उसके 00:31 पर समाप्त होगा।
यह ग्रहण जिस समय पड़ेगा या पड़ना शुरू होगा उस समय तक भारत के अधिकांश हिस्सों में सूर्यास्त हो चुका होगा। अतः भारत में यह ग्रहण दिखाई नहीं देगा। ग्रहण की कंकण आकृति अर्जेंटिना, ब्राजील, चिली, नाइजीरिया आदि में दिखेगी। ग्रहण का खग्रास रूप दक्षिणी अमेरिका और पश्चिमी अफ़्रीकी महाद्वीप में देखा जा सकेगा।
सूतक काल की स्थिति: वैदिक शास्त्रों का स्पष्ट नियम है; "यत्र दृश्यते तत्र सूतकम्" अर्थात जहाँ ग्रहण दिखाई देता है, वहीं उसका सूतक मान्य होता है। भारत में यह ग्रहण नहीं दिखेगा इसलिए इस ग्रहण का सूतक काल भी भारत में मान्य नहीं होगा। भारत में मंदिरों के कपाट खुले रहेंगे और नित्य पूजा-पाठ, स्नान-दान सामान्य रूप से संपन्न होंगे।
सूर्य ग्रहण के लिए शास्त्रों का मत है कि ग्रहण शुरू होने से 12 घंटे पहले सूतक लग जाता है। ऐसे में भारतीय मानक समय के अनुसार सुबह 6 बजकर 27 मिनट से सूतक लग जाएगा। आप लोग जिस स्थान से भी हमारा यह लेख पढ़ रहे हैं उसे अपने स्थानीय समय के अनुसार संशोधित या परिवर्तित करके उसका मान निकाल सकते हैं।
6 फरवरी 2027 के दिन की ग्रहीय स्थितियों की बात करें तो यह ग्रहण मकर राशि में घटित होने जा रहा है। शनिवार के दिन माघ महीने अमावस्या को लगने वाले इस ग्रहण के समय सूर्य, चंद्रमा, शनि और राहु-केतु का अक्ष अत्यंत संवेदनशील स्थिति में रहेगा। मकर राशि शनि की स्वराशि है। शनि और सूर्य के बीच नैसर्गिक शत्रुता का भाव होता है। अतः मकर राशि में लगने वाला यह ग्रहण शासन-प्रशासन, न्याय व्यवस्था, बुजुर्गों के स्वास्थ्य, और तकनीकी व खनिज क्षेत्रों में बड़े बदलावों का संकेत देता है। जिन देशों में यह ग्रहण दिखाई देगा, वहाँ राजनीतिक अस्थिरता और प्राकृतिक आपदाओं विशेषकर भूकंप या समुद्री तूफान की आशंका अधिक रहेगी।
बृहत् कुंडली में छिपा है, आपके जीवन का सारा राज, जानें ग्रहों की चाल का पूरा लेखा-जोखा
क्योंकि यह ग्रहण भारतवर्ष में दृश्य नहीं है, अतः इसका प्रभाव भी भारतवर्ष पर या भारतवर्ष में रहने वाले लोगों पर नहीं पड़ेगा लेकिन हमारे पाठक पूरे विश्व भर में हैं। ऐसे में जहां पर 6 फरवरी 2027 को सूर्य ग्रहण पड़ेगा, वहां रहने वाले लोगों पर इसका कैसा प्रभाव पड़ेगा आइए उनकी राशि के अनुसार जानते हैं:-
मेष राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण उनके दशम भाव में होगा ऐसे में यह उनके कर्म और पद-प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकता है। ग्रहण दृश्यमान क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को कार्यक्षेत्र में अचानक बदलाव, वरिष्ठ अधिकारियों से मतभेद या नौकरी में अस्थिरता जैसी स्थितियां देखने को मिल सकती हैं। पिता के स्वास्थ्य को लेकर कुछ चिंता भी रह सकती है। किसी भी बड़े व्यावसायिक निर्णय या नौकरी बदलने को कम से कम एक पखवाड़े के लिए टाल दें।
उपाय: ग्रहण के दौरान "ॐ घृणि सूर्याय नमः" का मानसिक जाप करें और ग्रहण समाप्त होने पर स्नान के बाद गुड़, गेहूं तथा लाल मसूर की दाल का दान करें।
वृषभ राशि वालों के लिए यह ग्रहण नवम भाव में होगा जो भाग्य और धर्म को प्रभावित कर सकता है। जिन क्षेत्रों में ग्रहण दिखेगा, वहाँ रह रहे इस राशि के लोगों को बनते हुए कार्यों में रुकावट और भाग्य की कमी का अनुभव हो सकता है। लंबी दूरी की यात्राएं कुछ हद तक कठिनाई या परेशानी भरी रह सकती हैं। इस समय धर्म कर्म के प्रति अरुचि के भाव उत्पन्न हो सकते हैं अथवा गुरुजनों से वैमनस्य हो सकता है इससे बचना हितकर रहेगा। पिता के साथ भी संबंधों को संतुलित रखना जरूरी रहेगा।
उपाय: सूतक काल में भोजन और जल में तुलसी दल डालें। ग्रहण मोक्ष के पश्चात किसी मंदिर या जरूरतमंद को चावल, चीनी और सफेद वस्त्र का दान करें।
मिथुन राशि के लिए यह ग्रहण अष्टम भाव में हो रहा है। ऐसे में यह ग्रहण आयु, संकट और गुप्त रहस्य पर विशेष प्रभावी रह सकता है। जहां पर यह ग्रहण दिखाई पड़ेगा, वहां के निवासियों को अपने स्वास्थ्य विशेषकर पेट और हृदय से जुड़ी हुई समस्याओं के प्रति जागरूक और सतर्क रहना है। यदि वाहन स्वयं चलते हैं तो वाहन चलते समय पूरी तरह से चैतन्य और सावधान रहना समझदारी का काम होगा। हर तरह के जोखिम से बचना है और वाणी पर संयम रखना है।
उपाय: ग्रहण काल में महामृत्युंजय मंत्र या गायत्री मंत्र का जप करें। ग्रहण समाप्ति के बाद स्नान करके सप्तधान्य अर्थात सात प्रकार के अनाज और काले तिल का दान करें।
शनि रिपोर्ट से जानें अपने जीवन पर शनि का प्रभाव और उपाय
कर्क राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण उनके सप्तम भाव में रहेगा। फलस्वरूप इस ग्रहण का प्रभाव सबसे ज्यादा उनके दांपत्य जीवन और साझेदारी से संबंधित मामलों में पड़ सकता है। जिन देशों में ग्रहण दिखाई देगा, वहाँ रहने वाले जातकों को विशेषकर विवाहित जातकों को अपने जीवनसाथी या जीवनसंगिनी के साथ किसी भी तरह की गलतफहमी नहीं रखनी है। यदि जीवन में तनाव की एंट्री हो रही हो तो उसे छोटे लेवल पर ही समाप्त करें। एक दूसरे के स्वास्थ्य और एक दूसरे की भावनाओं का पूरा ख्याल रखें। यदि आपका काम साझेदारी का है तो पार्टनर्स के साथ ट्रांसपेरेंसी बनाए रखें। विवाद को बड़ा न होने दें। यदि कोई नया अनुबंध करने जा रहे हैं तो उस अनुबंध के बारे में प्रॉपर तरीके से पड़ताल करने के बाद ही उस पर सिग्नेचर आदि करना उचित रहेगा।
उपाय: ग्रहण के समय भगवान शिव का ध्यान करें और "ॐ नमः शिवाय" का जप करें। ग्रहण के बाद दूध, दही अथवा यदि आप सामर्थ्यवान है तो अपनी समर्थ के अनुसार चांदी की कोई वस्तु दान करना शुभ रहेगा।
आपकी राशि अर्थात सिंह राशि के स्वामी स्वयं सूर्य हैं, और यह ग्रहण आपके छठे भाव में हो रहा है। ऐसे में इस ग्रहण का प्रभाव विशेषकर रोग, ऋण और शत्रु वाले मामलों में पड़ेगा। हालांकि इन मामलों में आपको आपके फ़ेवर के परिणाम मिल सकते हैं। यानी रोग मुक्ति, ऋण मुक्ति और शत्रुओं पर विजय मिलने की संभावनाएं रहेंगी लेकिन दुष्प्रभाव के रूप में यह ग्रहण आंखों की समस्या, सिर दर्द या थकान इत्यादि दे सकता है। कार्यस्थल पर गुप्त शत्रु सक्रिय हो सकते हैं। इसलिए अपनी योजनाएं किसी से साझा करने से बचना है। ध्यान रहे ये परिणाम वहीं के लोगों पर लागू होंगे जहां पर यह ग्रहण दिखाई देगा।
उपाय: ग्रहण की अवधि में आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ या किसी भी सूर्य मंत्र का मानसिक जाप करें। ग्रहण समाप्त होने के बाद तांबे के पात्र में जल भरकर सूर्य को अर्घ्य दें और गेहूं का दान करें।
कन्या राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण पंचम भाव में पड़ेगा। अत: इसका प्रभाव संतान, बुद्धि और प्रेम संबंध में विशेषकर पड़ सकता है। ऐसे में ग्रहण दृश्यमान क्षेत्रों में निवास कर रहे विद्यार्थियों की एकाग्रता में कुछ कमी आ सकती है। संतान पक्ष की ओर से कोई चिंता या उनके स्वास्थ्य में उतार-चढ़ाव भी संभव है। प्रेम संबंधों में अहंकार के टकराव से बचना है। कन्या राशि वाली गर्भवती महिलाओं को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी।
उपाय: सूतक और ग्रहण काल में घर के भीतर रहें और नुकीली वस्तुओं के प्रयोग से बचें। ग्रहण मोक्ष के बाद हरी मूंग की दाल, हरे वस्त्र या गौशाला में हरे चारे का दान करें।
अब घर बैठे विशेषज्ञ पुरोहित से कराएं इच्छानुसार ऑनलाइन पूजा और पाएं उत्तम परिणाम!
तुला राशि वालों के लिए यह ग्रहण उनके चतुर्थ भाव में हो रहा है। अत: इस ग्रहण का प्रभाव उनके सुख, माता और संपत्ति जैसे मामलों को प्रभावित कर सकता है। ऐसे में जिन क्षेत्रों में ग्रहण दिखेगा, वहाँ रहने वाले जातकों को मानसिक अशांति, पारिवारिक कलह और माता के स्वास्थ्य की चिंता हो सकती है। भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी से जुड़े निर्णयों को फिलहाल के लिए स्थगित करना या फिर बहुत ही सम्पन्न करना ही समझदारी होगी। घर के भीतर शांत वातावरण बनाए रखने का प्रयास जरूरी रहेगा।
उपाय: ग्रहण काल में दुर्गा सप्तशती के मंत्रों या "ॐ दुं दुर्गायै नमः" का मानसिक जाप करें। ग्रहण समाप्त होने पर स्नान आदि करके खीर या सफेद मिठाई का दान करें।
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण उनके तीसरे भाव में होगा। यह उनके साहस, पराक्रम और छोटे भाई-बहनों से सम्बंधित मामलों पर प्रभाव डाल सकता है। ऐसे में दृश्यमान क्षेत्रों में रहने वालों के लिए यह समय आत्मविश्वास में कमी या छोटे भाई-बहनों के साथ मतभेद देने का काम कर सकता है। ऐसे में आने वाले एक पखवाड़े तक संचार माध्यमों या दस्तावेजों के लेन-देन में सावधानी बरतें, क्योंकि कोई गलतफहमी नुकसान पहुंचा सकती है। इसी अवधि में छोटी यात्राओं को टालना भी बेहतर होगा।
उपाय: ग्रहण के दौरान हनुमान चालीसा का पाठ करें। ग्रहण के बाद लाल वस्त्र, गुड़ और मसूर की दाल का दान करें।
धनु राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण उनके दूसरे भाव में हो रहा है। अत: यह इनके धन, परिवार और वाणी से सम्बंधित मामलों में प्रभाव डाल सकता है। जिन क्षेत्रों में ग्रहण प्रत्यक्ष दिखेगा, वहाँ के निवासियों को कुछ धन हानि या संचित धन के खर्च होने का भय रहेगा। पारिवारिक मामलों में कठोर वाणी के प्रयोग से बचना उपयोगी सिद्ध होगा। मुख और नेत्र रोगों के प्रति सचेत रहना भी समझदारी का काम होगा।
उपाय: ग्रहण काल में भगवान विष्णु के मंत्र "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" का जप करें। ग्रहण समाप्त होने के बाद चने की दाल, हल्दी, केसर और पीले फलों का दान करें।
करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट
यह सूर्य ग्रहण आपकी ही राशि अर्थात प्रथम भाव में हो रहा है। ऐसे में दृश्यमान क्षेत्रों में रहने वाले मकर राशि के जातकों पर इसका सर्वाधिक प्रभाव पड़ेगा। शारीरिक थकान, मानसिक तनाव, क्रोध की अधिकता और निर्णय लेने में भ्रम की स्थिति जैसा अनुभव हो सकता है। इस समय स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना और किसी भी विवाद से भी खुद को दूर रखना है।
उपाय: ग्रहण के समय छाया दान करें अर्थात कांसे या लोहे की कटोरी में सरसों का तेल भरकर अपना चेहरा देखें और उसे दान करने का संकल्प लें। ग्रहण मोक्ष के बाद काले तिल, कंबल और उड़द की दाल का दान किसी जरूरतमंद को करें।
कुंभ राशि के जातकों के लिए यह ग्रहण उनके द्वादश भाव में हो रहा है। अत: इसका प्रभाव उनके व्यय, हानि और विदेश आदि से संबंधित मामलों में विशेषकर पड़ सकता है। जिन क्षेत्रों में ग्रहण दिखेगा, वहाँ रह रहे इस राशि के लोगों के खर्चों में अचानक वृद्धि हो सकती है। अनिद्रा, आंखों में जलन और अनावश्यक भागदौड़ के कारण मानसिक थकान महसूस हो सकती है। ग्रहण से अगले एक पखवाड़े तक कोर्ट-कचहरी के मामलों या किसी की गारंटी लेने से बचना समझदारी का काम होगा।
उपाय: ग्रहण की अवधि में "ॐ शं शनैश्चराय नमः" और महामृत्युंजय मंत्र का जप करें। ग्रहण समाप्ति के पश्चात स्नान आदि करके किसी निर्धन व्यक्ति को भोजन करवाएं और जूते-चप्पल अथवा काले वस्त्र का दान करें।
मीन राशि के जातकों के लिए यह सूर्य ग्रहण उनके एकादश भाव में होगा। अत; इस ग्रहण का प्रभाव उनके लाभ, आय और इच्छापूर्ति आदि को विशेषतौर पर प्रभावित कर सकता है। फलस्वरूप दृश्यमान क्षेत्रों के निवासियों के लिए आमदनी के स्रोतों में अस्थायी रुकावट या मित्रों के साथ मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। बड़े भाई-बहनों से सहयोग मिलने में विलंब हो सकता है। किसी भी नई योजना में पैसा लगाने से पहले अनुभवी लोगों से सलाह अवश्य लेना जरूरी रहेगा।
उपाय: ग्रहण काल में गुरु मंत्र या गायत्री मंत्र का मानसिक जाप करें। ग्रहण समाप्ति के बाद घर में गंगाजल का छिड़काव करें। साथ ही साथ किसी मंदिर में बेसन के लड्डू, पीला वस्त्र या धार्मिक पुस्तकों का दान करें।
साल 2027 का दूसरा सूर्य ग्रहण जो की एक पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा वह 2 अगस्त 2027 को घटित होगा। पंचांगों के अनुसार उस दिन सावन महीने की अमावस्या तिथि रहेगी और दिन रहेगा सोमवार। इस दिन हरियाली अमावस्या का संयोग रहेगा।
ग्रहण के स्वरूप की बात करें तो यह पूर्ण सूर्य ग्रहण अर्थात टोटल सोलर एक्लिप्स (Total Solar Eclipse) के रूप में रहेगा। खगोलीय दृष्टिकोण से यह 21वीं सदी के सबसे लंबे और महत्वपूर्ण सूर्य ग्रहणों में से एक माना जा रहा है। इस ग्रहण की पूर्णता की अवधि यानी Totality 6 मिनट से अधिक की रहने वाली है।
भारतीय मानक समय अर्थात भारतीय स्टैंडर्ड टाइम के अनुसार यह ग्रहण 2 अगस्त 2027 दिन सोमवार को दोपहर 1:00 के आसपास से शुरू होगा। ग्रहण का मध्यकाल अर्थात परम ग्रास शाम को लगभग 3:36 पर माना जा रहा है। तो वहीं ग्रहण का समाप्ति काल शाम को लगभग 6:00 बजे का है।
यह पूर्ण सूर्य ग्रहण मुख्य रूप से उत्तरी अफ्रीका; जिनमें मोरक्को, अल्जीरिया, ट्यूनीशिया, लीबिया, मिस्र आदि में दिखाई देगा। इसके अलावा दक्षिणी स्पेन यानी जिब्राल्टर तथा मध्य पूर्व अर्थात सऊदी अरब, यमन, ओमान के क्षेत्रों में पूरी तरह से दिखाई देगा। भारत के पश्चिमी और उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों जैसे गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और दिल्ली के कुछ भागों में सूर्यास्त से ठीक पहले इस ग्रहण की आंशिक रूप से इसकी हल्की छाया देखने को मिल सकती है, जबकि शेष भारत में यह अदृश्य या नगण्य रहेगा।
सूतक काल की स्थिति: वैदिक शास्त्रों का स्पष्ट नियम है; "यत्र दृश्यते तत्र सूतकम्" अर्थात जहाँ ग्रहण दिखाई देता है, वहीं उसका सूतक मान्य होता है।
भारत के जिन सुदूर पश्चिमी क्षेत्रों में यह आंशिक रूप से स्पर्श करेगा, केवल वहीं आंशिक सूतक का विचार किया जाएगा। सूर्य ग्रहण के लिए शास्त्रों का मत है कि ग्रहण शुरू होने से 12 घंटे पहले सूतक लग जाता है। ऐसे में भारतीय मानक समय के अनुसार अर्धरात्रि 1:00 से ही सूतक मान्य होगा। यानी भारतवर्ष में सबेरा होने से पहले ही सूतक लगा रहेगा लेकिन देश के अधिकांश भागों में इसका प्रत्यक्ष प्रभाव न होने के कारण सामान्य धार्मिक गतिविधियां हो सकेंगी।
हालांकि ज्योतिषीय दृष्टिकोण से ग्रहों की युति का प्रभाव समस्त विश्व और सभी राशियों पर अवश्य पड़ेगा। जिनकी चर्चा हम आगे करने जा रहे हैं लेकिन उसके पहले जान लिया जाय कि इस ग्रहण का देश दुनिया पर किस तरह से प्रभाव पड़ सकता है।
2 अगस्त 2027 के ग्रहीय योगों की बात करें तो इस दिन श्रावण अमावस्या और सोमवार के दिन कर्क राशि तथा पुष्य/अश्लेषा नक्षत्र के संधि काल में यह पूर्ण सूर्य ग्रहण लगेगा। कर्क राशि चंद्रमा की स्वराशि है और यह जल तत्व की राशि है। पूर्ण सूर्य ग्रहण का कर्क राशि में होना विश्व स्तर पर जलवायु परिवर्तन, अतिवृष्टि, बाढ़, समुद्री हलचल तथा जनमानस के मानसिक स्वास्थ्य आदि पर प्रभाव डाल सकता है। मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका के देशों में, जहाँ यह पूर्ण रूप से दृश्यमान होगा वहां सत्ता परिवर्तन, आर्थिक उथल-पुथल और कूटनीतिक जैसे प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।
ग्रहण किसी भी राशि में लगे, उसका प्रभाव सभी 12 राशियों पर पड़ता है। यह प्रभाव शुभ, मध्यम या अशुभ रूप में अलग अलग रह सकता है। विशेष रूप से कर्क राशि में लगने वाले इस ग्रहण का द्वादश राशियों पर संभावित फल इस प्रकार है:
मेष राशि वालों, यह ग्रहण आपके चतुर्थ भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह सुख, माता और संपत्ति पर अधिक प्रभाव डाल सकता है। फलस्वरूप दृश्यमान क्षेत्रों के निवासियों को पारिवारिक कलह, मानसिक अशांति और माता के स्वास्थ्य की चिंता जैसे प्रभाव दे सकता है। भूमि-भवन से जुड़े बड़े सौदों को फिलहाल टाल देना उचित रहेगा।
उपाय:-ग्रहण काल में "ॐ हं हनुमते नमः" का मानसिक जाप करें और ग्रहण समाप्त होने पर स्नान कर गुड़ व लाल मसूर की दाल का दान करें।
वृष राशि वालों, यह सूर्य ग्रहण आपके तीसरे भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह आपके पराक्रम और छोटे भाई-बहन जैसे मामलों को प्रभावित कर सकता है। फलस्वरूप जिन क्षेत्रों में ग्रहण दिखेगा, वहाँ रह रहे इस राशि के लोगों के आत्मविश्वास में कुछ कमी या भाई-बहनों से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। छोटी यात्राओं में सावधानी बरतने की आवश्यकता रहेगी।
उपाय: सूतक काल में भोजन-जल में तुलसी दल डालें और ग्रहण मोक्ष के बाद चावल, चीनी या सफेद वस्त्र का दान करें।
मिथुन राशि वालों, यह ग्रहण आपके दूसरे भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह धन, परिवार और वाणी से सम्बंधित मामलों प्रभाव डाल सकता है। फलस्वरूप दृश्यमान क्षेत्रों में रहने वालों को आकस्मिक धन हानि या पारिवारिक तनाव का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में वाणी पर संयम रखना है तथा नेत्र व मुख रोगों के प्रति सचेत रहना है।
उपाय: ग्रहण काल में गायत्री मंत्र या "ॐ बुं बुधाय नमः" का जप करें और समाप्त होने पर हरी मूंग की दाल दान करें।
कर्क राशि वालों, यह पूर्ण सूर्य ग्रहण आपकी ही राशि अर्थात प्रथम भाव की राशि में लग रहा है, अतः दृश्यमान क्षेत्रों के कर्क जातकों को सर्वाधिक सावधानी बरतने की आवश्यता रहेगी। इस ग्रहण के प्रभाव से शारीरिक थकान, मानसिक तनाव और अनिर्णय की स्थिति बन सकती है। अत: स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
उपाय: ग्रहण के दौरान महामृत्युंजय मंत्र का जप करें और स्नान के बाद दूध, चावल व चांदी की किसी वस्तु का दान मंदिर में करें।
सिंह राशि वालों, यह ग्रहण आपके द्वादश भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह आपके व्यय, हानि और विदेश आदि से संबंधित मामलों में अधिक प्रभाव डाल सकता है। जिन देशों में ग्रहण दिखाई देगा, वहाँ के निवासियों के खर्चों में अचानक वृद्धि और अनिद्रा की समस्या हो सकती है। अनावश्यक यात्राओं और वाद-विवाद से दूर रहना हितकारी रहेगा।
उपाय: ग्रहण काल में आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ या "ॐ घृणि सूर्याय नमः" का जप करें और मोक्ष के बाद गेहूं व तांबा दान करें।
कन्या राशि वालों, यह सूर्य ग्रहण आपके लाभ भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह एकादश भाव अर्थात लाभ और आय को प्रभावित करेगा। यद्यपि एकादश भाव का ग्रहण सामान्यतः कम कष्टकारी होता है, किंतु दृश्यमान क्षेत्रों के निवासियों को आय के स्रोतों में अस्थायी रुकावट या मित्रों से मनमुटाव का सामना करना पड़ सकता है।
उपाय: ग्रहण के समय भगवान विष्णु का स्मरण करें और ग्रहण समाप्त होने पर गौशाला में हरा चारा या साबुत मूंग दान करें।
तुला राशि वालों, यह ग्रहण आपके दशम भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह कर्म और पद-प्रतिष्ठा पर प्रभाव डाल सकता है। ग्रहण दृश्यमान क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को कार्यस्थल पर वरिष्ठ अधिकारियों से मतभेद या नौकरी में अस्थिरता का अनुभव हो सकता है। किसी भी बड़े व्यावसायिक निर्णय को कम से कम पखवाड़े भर स्थगित रखना समझदारी का काम होगा।
उपाय: ग्रहण काल में "ॐ दुं दुर्गायै नमः" का मानसिक जप करें और ग्रहण मोक्ष के पश्चात खीर या सफेद मिठाई का दान करें।
वृश्चिक राशि वालों, यह सूर्य ग्रहण आपके नवम भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह आपके भाग्य और धर्म संबंधी मामलों को प्रभावित कर सकता है। जिन क्षेत्रों में ग्रहण दिखेगा, वहाँ रह रहे जातकों को बनते हुए कार्यों में विलंब और पिता के स्वास्थ्य की चिंता हो सकती है। ग्रहण के बाद कम से कम एक पखवाड़े तक लंबी दूरी की यात्राएं टालना हितकर रहेगा।
उपाय: ग्रहण के दौरान हनुमान चालीसा का मानसिक पाठ करें और स्नान के बाद लाल वस्त्र, गुड़ व मसूर की दाल का दान करें।
धनु राशि वालों, यह ग्रहण आपके अष्टम भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह आयु संकट और आकस्मिक घटनाओं आदि से संबंधित मामलों पर प्रभाव डाल सकता है। अत: दृश्यमान क्षेत्रों के निवासियों को अपने स्वास्थ्य, खान-पान और वाहन संचालन में विशेष सावधानी बरतनी होगी। जोखिम भरे निवेश से बचना समझदारी का काम होगा।
उपाय: ग्रहण काल में "ॐ नमो भगवते वासुदेवाय" का निरंतर जप करें और समाप्त होने पर चने की दाल, हल्दी व पीले फलों का दान करें।
मकर राशि वालों, यह सूर्य ग्रहण आपके सप्तम भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह दांपत्य जीवन और साझेदारी के मामलों पर अधिक प्रभाव डाल सकता है। जिन जगहों पर यह ग्रहण दिखाई देगा, वहाँ रहने वाले जातकों को जीवनसाथी के साथ तनाव या व्यापारिक साझेदारी में गलतफहमी का सामना करना पड़ सकता है। ग्रहण के कम से कम एक पखवाड़े तक नए अनुबंधों से बचना समझदारी का काम होगा।
उपाय: ग्रहण काल में "ॐ नमः शिवाय" का मानसिक जप करें और मोक्ष के बाद काले तिल, सरसों का तेल व उड़द की दाल दान करें।
कुम्भ राशि वालों, यह ग्रहण आपके छठे भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह रोग, ऋण और शत्रु से संबंधित मामलों पर प्रभाव डाल सकता है। फलस्वरूप दृश्यमान क्षेत्रों में निवास कर रहे लोगों के लिए यह ग्रहण शत्रुओं पर विजय दिलाने वाला सिद्ध हो सकता है, किंतु स्वास्थ्य और पुराने ऋणों के प्रति लापरवाही नहीं बरतनी है।
उपाय: ग्रहण के दौरान शिव पंचाक्षरी मंत्र "ॐ नमः शिवाय" का मानसिक जप करें और ग्रहण समाप्त होने पर किसी निर्धन को भोजन व काला कंबल दान करें।
मीन राशि वालों, यह सूर्य ग्रहण आपके पंचम भाव की राशि में पड़ रहा है। ऐसे में यह ग्रहण संतान, बुद्धि और शिक्षा आदि के मामलों में प्रभाव डाल सकता है। परिणाम स्वरूप जिन क्षेत्रों में यह ग्रहण दिखेगा, वहाँ रह रहे विद्यार्थियों की एकाग्रता भंग रह सकती है और संतान पक्ष को लेकर कुछ चिंता भी हो सकती है। गर्भवती महिलाओं को घर के भीतर रहकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
उपाय: ग्रहण काल में गुरु मंत्र या गायत्री मंत्र का जप करें और स्नान के बाद बेसन के लड्डू व पीले वस्त्र मंदिर में दान करें।
सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर
हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!
1. वर्ष 2027 में कितने सूर्य ग्रहण लगेंगे?
वर्ष 2027 में कुल दो सूर्य ग्रहण लगेंगे।
2. साल 2027 का पहला सूर्य ग्रहण कब लगेगा?
पहला सूर्य ग्रहण 6 फरवरी 2027 को लगेगा। यह वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा।
3. साल 2027 का दूसरा सूर्य ग्रहण कब लगेगा?
दूसरा सूर्य ग्रहण 2 अगस्त 2027 को लगेगा। यह पूर्ण सूर्य ग्रहण होगा।
4. क्या वर्ष 2027 के सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई देंगे?
फरवरी का सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, जबकि अगस्त का सूर्य ग्रहण भारत में आंशिक रूप से दिखाई देगा।