कुंभ राशिफल 2027 (Kumbh Rashifal 2027)
एस्ट्रोसेज ए.आई. के “कुम्भ राशिफल 2027” के इस लेख के माध्यम से आप यह जान पाएंगे कि साल 2027 आपके लिए यानी कि “कुम्भ राशि” वाले लोगों के लिए कैसा रहेगा? कुम्भ राशि के वार्षिक राशिफल 2027 के माध्यम से आप जान पाएंगे कि यह साल आपके स्वास्थ्य और शिक्षा पर किस तरह से प्रभाव डाल सकता है? आपको आपके व्यापार या फिर नौकरी में किस तरह के परिणाम मिल सकते हैं?
इतना ही नहीं इस राशिफल के माध्यम से आप यह भी जान सकेंगे कि साल 2027 आपके आर्थिक मामलों, प्रेम, सगाई, विवाह, वैवाहिक जीवन, घर गृहस्थी, भूमि भवन वाहन इत्यादि के लिए कैसा रहने वाला है? इसके अलावा हम इस राशिफल में आपको उपाय भी बताएंगे जिन्हें करके आप अपने 2027 को और भी बेहतर बना सकेंगे। तो चलिए आगे बढ़ते हैं और जानते हैं कि कुम्भ राशि वाले लोगों के लिए कुम्भ राशिफल 2027 क्या भविष्यवाणी कर रहा है?
Read in English - Aquarius Horoscope 2027
2027 में क्या बदलेगी आपकी किस्मत? हमारे विशेषज्ञ ज्योतिषियों से कॉल पर करें बात और जानें सबकुछ
कुम्भ राशिफल 2027: स्वास्थ्य
कुम्भ राशि वालों आपके स्वास्थ्य के संदर्भ में यदि इस वर्ष के प्रमुख ग्रहों की गोचरों को देखा जाए तो शनि ग्रह का गोचर दूसरे और तीसरे भाव में रहने वाला है। साल की शुरुआत से लेकर 3 जून 2027 तक शनि का गोचर आपके दूसरे भाव में रहेगा, जो लगभग सभी मामलों के लिए ठीक नहीं कहा गया है लेकिन स्वास्थ्य की परिपेक्ष में देखा जाए तो यह आपके खान-पान को असंयमित कर सकता है, अनुचित कर सकता है और अनुचित खानपान आपके स्वास्थ्य को बिगड़ने का काम कर सकता है।
3 जून से 20 अक्टूबर के बीच शनि ग्रह तीसरे भाव में रहेंगे। प्लेसमेंट के दृष्टिकोण से यह अनुकूल स्थिति है लेकिन आपके लग्न या राशि के स्वामी का नीच का होना एक कमजोर बिंदु है। तो इस तरह से हम पाते हैं कि शनि का गोचर लगभग पूरे वर्ष ही स्वास्थ्य में जागरूकता दिखाने का संकेत कर रहा है। यानी यदि आप स्वास्थ्य को लेकर सचेत और जागरुक रहेंगे तब ही स्वास्थ्य में अनुकूलता संभव हो सकेगी। राहु का गोचर द्वादश भाव में है जिसे अनुकूल नहीं माना जाएगा। यह स्वास्थ्य के मामले में रक्षा सुरक्षा देने में पीछे रह सकता है। वहीं केतु का गोचर छठे भाव में रहेगा यह एक अनुकूल बिंदु है। बृहस्पति का गोचर मिले-जुले परिणाम देना चाह रहा है। क्योंकि साल की शुरुआत से लेकर 25 जनवरी तक बृहस्पति का गोचर आपके सप्तम भाव में रहेगा जो स्वास्थ्य के मामले में अनुकूलता देगा।
25 जनवरी से 26 जून तक बृहस्पति आपके छठे भाव में उच्च अवस्था में राहु केतु के प्रभाव में रहेंगे अतः बृहस्पति के परिणाम मिले-जुले रह सकते हैं। वहीं 26 जून से 26 नवंबर के बीच बृहस्पति के परिणाम पुनः अनुकूल रहेंगे। 26 नवंबर के बाद बृहस्पति के परिणाम कमजोर हो सकते हैं। इस तरह से बृहस्पति के परिणामों का औसत निकाल कर देखा जाए तो परिणाम औसत से कुछ हद तक बेहतर रह सकते हैं और यदि सभी प्रमुख ग्रहों की स्थिति को औसत के रूप में देखा जाए तो यहां से भी परिणाम मिले-जुले या औसत लेवल के रह सकते हैं। विशेषकर उचित खान-पान अपनाने की स्थिति में और सही नींद लेने की स्थिति में स्वास्थ्य को मेंटेन किया जा सकेगा।
राहु का गोचर इस बात का संकेत है जिन लोगों को अनिद्रा से संबंधित या फिर नींद से संबंधित किसी भी तरीके की कोई समस्या पहले से है तो उन्हें अपने स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहने की जरूरत रहेगी। साथ ही साथ मुख या पेट से संबंधित समस्या वाले लोगों को भी उचित खान-पान अपनाने की आवश्यकता रहेगी। उचित खानपान और उचित आचरण ही स्वास्थ्य की रक्षा में मददगार बनेगा। आरोग्यता का कारक ग्रह सूर्य पूरे वर्ष में मिले-जुले परिणाम दे सकता है और इन सभी परिणाम को मिलाकर देखा जाए तो परिणाम औसत दर्जे के या औसत से थोड़े से बेहतर रह सकते हैं।
कुम्भ राशिफल 2027: शिक्षा
कुम्भ राशि वालों शिक्षा के दृष्टिकोण से यदि प्रमुख ग्रहों के गोचर को देखा जाए तो शनि का गोचर स्वास्थ्य में कुछ कमजोरी देकर शिक्षा को प्रभावित कर सकता है लेकिन यदि आपका स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक रहता है तो शायद शनि का गोचर शिक्षा के मामले में व्यवधान नहीं देगा। अर्थात शनि सीधे-सीधे शिक्षा को कमजोर न करके स्वास्थ्य की कमजोरी के माध्यम से शिक्षा को प्रभावित करने का संकेत दे रहा है। ऐसे में ऐसे लोग जो ईश्वर की कृपा से या अपने लग्न राशि के स्वामी की जन्म कुंडली में मजबूत स्थिति के कारण पूरी तरह से हेल्दी हैं और हेल्दी बने रहते हैं तो शायद उनके शिक्षा के मामले में शनि कोई नकारात्मकता नहीं देंगे।
राहु का गोचर शिक्षा के मामले में प्रत्यक्ष रूप से सब की मदद शायद नहीं करेगा लेकिन विदेश में रहने वाले लोग शायद कुछ बेहतर परिणाम प्राप्त कर सकेंगे। अथवा ऐसे लोग जो विदेश जाकर शिक्षा प्राप्त करना चाह रहे हैं उनकी मनोकामना पूर्ति में सहायक बन सकता है। केतु का गोचर सभी को शिक्षा के मामले में अनुकूल परिणाम देना चाह रहा है। विशेषकर प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को केतु का गोचर काफी अच्छे परिणाम देना चाहेगा। बृहस्पति का गोचर औसत से बेहतर लेवल का सपोर्ट देना चाह रहा है। जैसे कि साल की शुरुआत से लेकर 25 जनवरी तक बृहस्पति शिक्षा के मामले में बहुत अच्छे परिणाम देगा। विशेषकर व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को काफी अच्छे परिणाम मिल सकते हैं।
वहीं 25 जनवरी से 26 जून के बीच बृहस्पति आपके छठे भाव में रहेंगे जो प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षा में भाग लेने वाले विद्यार्थियों के मदद कर सकते हैं लेकिन अन्य लोगों के लिए शिक्षा के मामले में डिफिकल्टी दे सकते हैं। यानी या तो प्रतिस्पर्धा के भाव मन में लाइए अन्यथा शिक्षा का स्तर मजबूत करने में बृहस्पति कोई बड़ा सपोर्ट नहीं देंगे। 26 जून से 26 नवंबर के बीच में बृहस्पति पुनः सप्तम भाव में जाकर आपकी शिक्षा के स्तर को मजबूती देने का काम करेंगे लेकिन 26 नवंबर के बाद बृहस्पति के परिणाम कमजोर हो जाएंगे। हालांकि शोध के विद्यार्थियों को तब भी अनुकूल परिणाम मिलते रहेंगे। पंचम भाव के स्वामी बुध पूरे वर्ष में मिलाकर औसत से बेहतर लेवल के परिणाम देते हैं।
वहीं शुक्र ग्रह बुध की तुलना में भी अधिक बेहतर परिणाम देते हैं। तो ऐसे में हम पाते हैं की शनि का सपोर्ट कंडीशनल रह सकता है, राहु विरोध में रह सकते हैं जबकि केतु और गुरु के सपोर्ट को आप सामान्य तौर पर अनुकूल मान सकते हैं। बुध और शुक्र का सपोर्ट भी सामान्य तौर पर मिल सकता है। ऐसे में कुल मिलाकर शिक्षा का स्तर औसत से बेहतर लेवल का रह सकता है। ऐसे में आप अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखें, दिमाग को फिजूल की चीजों में न उलझाएं अपने सब्जेक्ट पर फोकस बनाकर रखें तथा बड़े बुजुर्ग और गुरुजनों से मार्गदर्शन लेते रहें। ऐसा करने की स्थिति में आप शिक्षा के स्तर को काफी हद तक बेहतर कर सकते हैं। नहीं तो सामान्य तौर पर शिक्षा का स्तर औसत से बेहतर लेवल कर रह सकता है।
कुम्भ राशिफल 2027: व्यापार
कुम्भ राशि वालों यदि हम व्यापार व्यवसाय से जुड़े मामलों में इस वर्ष के प्रमुख ग्रहों के गोचर को देखते हैं तो शनि ग्रह का गोचर इस वर्ष कोई बड़ा सपोर्ट नहीं करेगा बल्कि बीच-बीच में कुछ धीमापन या विलंब देकर मन को नाखुश भी कर सकता है। यानी शनि व्यापार व्यवसाय के मामले में कोई बड़ा सपोर्ट नहीं दे रहा है। सामान्य तौर पर शनि के सपोर्ट को औसत से कमजोर लेवल का सपोर्ट कह सकते हैं। राहु का गोचर सबको सपोर्ट नहीं करेगा लेकिन जिन लोगों का काम दूर के स्थान से संबंधित है या जिन लोगों का व्यापार व्यवसाय किसी भी तरह से विदेश से संबंधित है उनको राहु का अच्छा सपोर्ट मिल सकता है। केतु का गोचर हर मामले में सपोर्ट कर रहा है अतः केतु के गोचर को व्यापार व्यवसाय के मामले में भी सपोर्टिव माना जाएगा।
बृहस्पति का गोचर साल के 6 महीने अनुकूल तो वहीं 5 महीने औसत रह सकता है जबकि एक से लेकर सवा महीने के बीच बृहस्पति ग्रह कमजोर परिणाम भी दे सकता है ऐसे में ओवरऑल बृहस्पति को आप औसत से बेहतर लेवल का सपोर्ट करने वाला मान सकते हैं। दशम भाव का स्वामी मंगल इस वर्ष आपके छठे भाव से लेकर द्वादश भाव के बीच गोचर करने वाला है। अतः मंगल से भी आप मिले-जुले या औसत लेवल के परिणामों के मिलने की उम्मीद कर सकते हैं। व्यापार व्यवसाय का कारक ग्रह बुध आपको औसत से बेहतर का सपोर्ट देना चाह रहा है।
वहीं सप्तम भाव के स्वामी सूर्य हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी औसत लेवल का सपोर्ट दे पाएंगे। यानी इस मामले में आपके लिए सबसे ज्यादा प्रभाव प्रमुख ग्रहों और मंगल का ही माना जाएगा और प्रमुख ग्रहों अर्थात शनि, राहु, केतु में केतु ही सीधे तौर पर मदद कर रहे हैं बाकी की मदद कंडीशनल नजर आ रही है। जिनमें कंडीशनल ही सही लेकिन बृहस्पति के परिणाम औसत से बेहतर लेवल के रहेंगे। तो ऐसे में हम कह सकते हैं कि व्यापार व्यवसाय के दृष्टिकोण से साल मिले जुले या औसत लेवल के परिणाम दे सकता है। यद्यपि इस वर्ष व्यापार व्यवसाय को लेकर सामान्य तौर पर कोई बहुत बड़ा रिस्क नहीं है लेकिन फिर भी अपनी तरफ से रिस्क या जोखिम भरे कदमों से बचेंगे तो बेहतर रहेगा।
बृहत् कुंडली में छिपा है, आपके जीवन का सारा राज, जानें ग्रहों की चाल का पूरा लेखा-जोखा
कुम्भ राशिफल 2027: नौकरी
कुम्भ राशि वालों नौकरी के दृष्टिकोण से यदि इस वर्ष के प्रमुख ग्रहों को देखा जाए तो शनि ग्रह का गोचर नौकरी के मामले में बहुत ज्यादा सपोर्ट नहीं कर रहा है। क्योंकि शनि साल की शुरुआत से लेकर 3 जून तक आपके दूसरे भाव में रहेगा। छठे भाव के अलावा दूसरे भाव को भी नौकरी के मामले में विचारणीय कहा गया है। अतः दूसरे भाव में शनि की उपस्थिति नौकरी के मामले में कुछ धीमापन या कठिनाइयां देने का काम कर सकती है। 3 जून से 20 अक्टूबर के बीच शनि का गोचर तीसरे भाव में रहेगा। यह तुलनात्मक रूप से बेहतर स्थिति कही जाएगी। हालांकि शनि नीच अवस्था में रहेंगे लेकिन फिर भी नौकरी में आ रहे धीमेपन को शांत करने का काम शनि का यह गोचर कर सकता है।
जॉब चेंज इत्यादि करने की इच्छा हो सकती है। खूब कोशिश करने के बाद जॉब चेंज करना संभव भी हो सकेगा। यानी शनि का गोचर नौकरी के मामले में ज्यादा अनुकूल नहीं है लेकिन साल के 5 महीनों में शनि के परिणाम मिले-जुले या औसत दर्जे के कहे जा सकते हैं। राहु का गोचर सभी नौकरी करने वाले लोगों के लिए अच्छा तो नहीं है लेकिन विदेश में नौकरी करने वाले लोगों के लिए बेहतर कहा जाएगा। जन्म स्थान से काफी दूर रहकर जॉब करने वाले लोगों को भी राहु का गोचर तुलनात्मक रूप से बेहतर परिणाम दे सकता है। विदेशी कंपनियों में जॉब करने वाले लोगों के लिए भी राहु तुलनात्मक रूप से अच्छे परिणाम दे सकता है लेकिन अन्य लोगों के लिए राहु की गोचर को सपोर्टिव नहीं माना जाएगा।
वहीं केतु का गोचर छठे भाव में होने के कारण सामान्य तौर पर जॉब के मामले में अच्छा सपोर्ट करेगा। बृहस्पति के गोचर को देखा जाए तो बृहस्पति के परिणाम मिले-जुले रह सकते हैं। साल की शुरुआत से लेकर 25 जनवरी तक बृहस्पति हर मामले में अच्छे परिणाम दे रहा है। तो स्वाभाविक है कि नौकरी के मामले में भी बृहस्पति के परिणाम अच्छे कहे जाएंगे। क्योंकि बृहस्पति आपके दूसरे अर्थात धन भाव तथा लाभ भाव का स्वामी है। सप्तम भाव में गोचर करने की स्थिति में बृहस्पति लाभ भाव को देखेंगे और इंक्रीमेंट इत्यादि की पॉसिबिलिटीज को मजबूत करेंगे। यानी यदि साल के शुरुआती महीने में इंक्रीमेंट इत्यादि का प्रावधान आपकी कंपनी की पॉलिसी में है तो आपको भी इसका फायदा मिल सकता है।
25 जनवरी से 26 जून के बीच में बृहस्पति छठे भाव में चले जाएंगे। वैसे तो छठे भाव में बृहस्पति के गोचर को अच्छा नहीं माना गया है लेकिन बृहस्पति उच्च अवस्था में रहेंगे, अतः नौकरीपेशा लोगों को भले ही वर्क प्रेशर अधिक रहे, वर्कलोड अधिक रहे लेकिन कुछ नई जिम्मेदारियां और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी दी जा सकती है। हालांकि उनकी जिम्मेदारियां को निभाना आसान नहीं होगा लेकिन आप जिम्मेदारियां को निभाने में सफल रहेंगे और प्रशंसा भी प्राप्त करेंगे। यानी सीधे तौर पर इस टाइम ड्यूरेशन को नौकरी के मामले में मिला-जुला या औसत लेवल का कहा जाएगा। 26 जून से 26 नवंबर के बीच बृहस्पति का गोचर पुनः सप्तम भाव में आ जाएगा और पुनः जॉब के मामले में अच्छा सपोर्ट देगा। आपकी कंपनी के पॉलिसी के अनुसार इंक्रीमेंट की तैयारी बढ़वाने में मदद करेगा। स्थितियां तुलनात्मक रूप से ज्यादा सहज, ज्यादा आसान रहेगी और आप जॉब के प्रेशर से खुद को रिलीज हुआ फ़ील कर सकेंगे। सीधे शब्दों में यह टाइम ड्यूरेशन अच्छा कहा जाएगा। 26 नवंबर के बाद बृहस्पति आपके अष्टम भाव में चले जाएंगे, यहां पर बृहस्पति के गोचर को अच्छा नहीं कहा गया है। ऐसे में फिर से काम का प्रेशर अधिक रह सकता है। आप खुद को दबाव में महसूस कर सकते हैं। यानी साल के आखिरी एक से सवा महीने के बीच का टाइम ड्यूरेशन जॉब की दृष्टिकोण से कमजोर रह सकता है। सीधे शब्दों में कहा जाए तो प्रमुख ग्रहों के गोचर का संकेत यही है कि जॉब के मामले में इस वर्ष आप एक ओवरलोड सा फील कर सकते हैं या ना चाहते हुए भी आपको नई जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं।
काम का प्रेशर अधिक रह सकता है लेकिन आप उस काम को करने में समर्थ हो सकेंगे। उस काम में सफलता प्राप्त कर सकेंगे और अंततः परिणाम को अपने फेवर में फील कर सकेंगे। सूर्य, बुध और शुक्र जैसे ग्रहों का संकेत भी यही है कि बीच-बीच में आपको जॉब के मामले में वह भी सपोर्ट देंगे और अंततः जो परिणाम निकलकर आएंगे वो औसत से थोड़े बेहतर रह सकते हैं। कुल मिलाकर साल 2027 जॉब के मामले में कठिनाइयों और दबाव के बावजूद आपको सफलता देगा। इसलिए इस साल को औसत से बेहतर लेवल का साल कहा जाएगा।
कुम्भ राशिफल 2027: आर्थिक भविष्य
कुम्भ राशि वालों हालांकि आपके लाभ भाव का स्वामी भी बृहस्पति है और धन भाव का स्वामी भी बृहस्पति ही है। फिर भी हमें आर्थिक मामलों में भी सभी मामलों की तरह प्रमुख ग्रहों के गोचरों पर विचार करना होता है। तो सबसे पहले हम शनि के गोचर को देखते हैं। शनि साल के 12 में से लगभग 7 महीने आपके धन भाव में रहने वाला है। जिसे सामान्य तौर पर अनुकूल नहीं कहा जाएगा। हालांकि 3 जून से 20 अक्टूबर के बीच शनि आपके तीसरे भाव में रहेगा। यानी धन भाव से उसका सीधा कोई कनेक्शन नहीं रहेगा। अर्थात इस अवधि में शनि सामान्य तौर पर या तो आपके फीवर के परिणाम देगा या फाइनेंस के मामले में हस्तक्षेप ही नहीं करेगा।
द्वादश भाव में राहु के गोचर को आर्थिक मामले के लिए ठीक नहीं कहा जाएगा। यहां पर राहु व्यर्थ में और अचानक से खर्च करवाने का काम कर सकता है। वहीं केतु के गोचर को छठे भाव में अच्छे परिणाम देने वाला माना गया है। इसलिए केतु आर्थिक मामले में आपको सपोर्ट देंगे। विशेषकर ऐसे लोग जो बैंक या किसी व्यक्ति से पैसे उधार लेना चाह रहे हों या फिर अपने उधार को चुकता करना चाह रहे हो तो दोनों ही स्थितियों में केतु अच्छी मदद कर सकता है। बृहस्पति जो आपके लाभ भाव के स्वामी हैं, आपके धन भाव के स्वामी है और धन के कारक ग्रह भी हैं।
उनका गोचर आर्थिक मामले में एवरेज से बेहतर लेवल के परिणाम देना चाह रहा है। क्योंकि साल की शुरुआत से 25 जनवरी तक बृहस्पति आपके सप्तम भाव में रहेगा। यहां पर बृहस्पति के गोचर को अच्छे परिणाम देने वाला माना गया है। ऊपर से बृहस्पति लाभ भाव का स्वामी होकर लाभ भाव को देखेगा। यानी किसी न किसी माध्यम से बृहस्पति आपको लाभ करवाना चाहेगा। 25 जनवरी से 26 जून के बीच बृहस्पति छठे भाव में रहेंगे। वैसे तो यह गोचर के दृष्टिकोण से बृहस्पति के लिए अनुकूल स्थिति नहीं है लेकिन यहां से बृहस्पति धन भाव को देखेंगे और आर्थिक मामलों के स्वामी होकर उच्च के रहेंगे। अतः कहीं न कहीं से बृहस्पति का सपोर्ट आपको मिलता रहेगा। 26 जून से 26 नवंबर के बीच बृहस्पति पुन: सप्तम भाव में जाकर आपको अच्छे परिणाम देना चाहेंगे। वहीं 26 नवंबर के बाद बृहस्पति अष्टम भाव में चले जाएंगे।
यहां पर बृहस्पति के गोचर को अच्छा तो नहीं कहा गया है लेकिन अष्टम भाव में रहकर बृहस्पति आपके धन भाव को देखेंगे। अतः कहीं न कहीं से आर्थिक मामले में मदद कर सकते हैं। सीधे शब्दों में कहा जाए तो शनि का गोचर लगभग 5 महीने या तो न्यूट्रल रहेगा या आर्थिक मामले में मदद करेगा। केतु का गोचर भी आर्थिक मामले में मदद करेगा और बृहस्पति का गोचर भी किसी ने किसी माध्यम से आर्थिक मामलों में मदद कर रहा है। ऐसे में जो संयुक्त परिणाम निकल रहे हैं वो आर्थिक मामले को एवरेज से काफी हद तक बेहतर परिणाम देने वाले लेवल तक ले जा सकते हैं। यानी कार्यक्षेत्र, नौकरी की समस्याओं से यदि आप मुक्ति पा लेते हैं तो आर्थिक मामले में अच्छी उपलब्धियां प्राप्त कर सकेंगे। क्योंकि आर्थिक मामले में कोई बड़ी विसंगत नजर नहीं आ रही है। सिर्फ शनि की उपस्थिति ही साल के सात महीनों में आर्थिक मामलों में कमजोरी देने का संकेत कर रही है। बाकी सारी स्थितियां ठीक हैं। क्योंकि शनि आपके लग्न या राशि के स्वामी भी हैं।
अतः शनि आपको कोई बड़ा नुकसान शायद नहीं पहुंचाएंगे। इस तरह से हम आर्थिक मामलों को इस वर्ष को एवरेज से बेहतर लेवल का कह सकते हैं। फिर भी साल की शुरुआत से लेकर 3 जून तक और 20 अक्टूबर के बाद के समय में संचित धन को लेकर किसी भी तरीके का रिस्क नहीं लेंगे तो ज्यादा अच्छा रहेगा और इस बीच में धन बढ़ाने के लिए थोड़ा सा एक्स्ट्रा एफर्ट्स डाल लेंगे तो और भी अच्छा रहेगा। सीधे शब्दों में कहा जाए तो आर्थिक मामले में इस वर्ष आप एवरेज से बेहतर लेवल के परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।
करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट
कुम्भ राशिफल 2027: प्रेम संबंध
कुम्भ राशि वालों यदि हम प्रेम संबंध के मामले में आपके पंचम भाव के स्वामी बुध की स्थिति को देखते हैं तो बुध इस वर्ष की शुरुआत में धनु राशि में रहेंगे और वर्ष की समाप्ति होने के समय भी भचक्र का एक पूरा लगाकर धनु राशि में ही रहेंगे। आपके मामले में बुधवार बारह में से छ: भावों में अनुकूल परिणाम दे रहे हैं। दो भावों में कमजोर तो वहीं बाकी के भावों में औसत परिणाम दे रहे हैं। यानी बुध के परिणाम लव लाइफ के लिए एवरेज से बेहतर लेवल के रहेंगे। वहीं शुक्र का गोचर सामान्य तौर पर 12 में से 9 भावों में से अच्छा माना गया है और शुक्र इस वर्ष की शुरुआत के समय तुला राशि में रहेंगे जबकि समाप्ति के समय पूरे ही 12 भावों के चक्कर लगाने के बाद मकर राशि तक पहुंच जाएंगे।
यानी कि शुक्र की तुला से तुला के बीच में 12 भावों की यात्रा हो जाएगी, साथ ही साथ तीन भावों की यात्रा शुक्र फिर से कर लेंगे। यानी शुक्र लगभग 15 स्थितियों में रहने वाले हैं। शुक्र को 12 में से 9 भावों में अच्छे परिणाम देने वाला माना गया है। इसलिए शुक्र के परिणाम एवरेज से काफी हद तक बेहतर रह जाएंगे या यूं कहें कि काफी हद तक अनुकूल रहने वाला है। अब आते हैं प्रमुख ग्रहों के गोचर की स्थितियों पर तो इनमें से प्रमुख ग्रहों के गोचर में शनि का गोचर लव लाइफ के लिए बहुत सपोर्टिव नहीं रहेगा। क्योंकि शनि साल की शुरुआत से 3 जून तक दूसरे भाव में रहेगा। इसका लव लाइफ से डायरेक्ट कोई कनेक्शन नहीं है लेकिन लग्न राशि के स्वामी का कमजोर होना कहीं न कहीं हर मामले में प्रभाव डाल सकता है।
वहीं 3 जून से 20 अक्टूबर के बीच शनि ग्रह नीच अवस्था में तीसरे भाव में रहने वाले हैं। तीसरे भाव में शनि के गोचर को अच्छे परिणाम देने वाला माना गया है लेकिन शनि नीच अवस्था में रहेंगे और तीसरी दृष्टि से आपके पंचम भाव अर्थात लव हाउस को देखेंगे। इस स्थिति को भी बहुत अच्छा नहीं कहा जाएगा। वहीं राहु केतु का गोचर लव लाइफ के मामले में सीधे तौर पर कोई प्रभाव लंबे समय तक नहीं डाल रहा है जबकि बृहस्पति का गोचर साल के 12 में से लगभग 6 महीने अनुकूल रहने वाला है। यानी राहु केतु का लव लाइफ पर डायरेक्टली कोई इंटरफेयर नहीं है। शनि का मिला जुला परिणाम रहेगा। जबकि बृहस्पति औसत से बेहतर लेवल के परिणाम दे रहे हैं। बुध और शुक्र के परिणाम भी औसत से बेहतर लेवल के हैं।
इन सभी स्थितियों को मिलाकर देखा जाए तो लव लाइफ की केयर करने वाले लोग इस वर्ष लव लाइफ को काफी हद तक इंजॉय कर सकेंगे। शनि की स्थिति इस बात का संकेत कर रही है कि यदि आपके प्रेम में दिखावा है तो आपको दिक्कतें रह सकती हैं लेकिन यदि आपका प्रेम सच्चा है आप ईमानदारी से अपने लव पार्टनर को प्रेम करते हैं और उसके साथ लगभग पूरी जिंदगी साथ रहना चाह रहे हैं तो शनि ग्रह भी आपकी मदद कर देंगे। इसलिए परिणामों का ग्राफ औसत से बेहतर लेवल तक पहुंच रहा है। वहीं जिनके प्रेम में दिखावा है शनि उनके लिए बीच-बीच में अड़चने देता रहेगा। उन्हें उतार चढ़ाव की स्थितियां देखनी पड़ सकती हैं। सीधे शब्दों में कहें तो इस वर्ष एक दूसरे पर संदेह नहीं करना है।
ईमानदारी से एक दूसरे के प्रति आत्मीयता बनाए रखनी है। ऐसा करने की स्थिति में आपको काफी हद तक अनुकूल परिणाम मिल सकते हैं। यहां तक कि यदि आप विवाह की इच्छा से इस मामले में कोई प्रयास करेंगे तो उसके रास्ते भी खुल सकते हैं।
कुम्भ राशिफल 2027: विवाह एवं वैवाहिक जीवन
कुम्भ राशि वालों, सबसे पहले हम विवाह से संबंधित मामलों में इस वर्ष का विश्लेषण करते हैं। इस वर्ष प्रमुख ग्रहों में शनि का गोचर साल की शुरुआत में आपके दूसरे भाव में रहेगा। शनि आपके लग्न और बारहवें भाव के स्वामी हैं और दूसरे भाव में स्थित होकर विवाह से संबंधित मामलों में अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने की स्थिति में रहेंगे। हालांकि शनि की गति धीमी होने के कारण विवाह संबंधी मामलों में बहुत तेजी की अपेक्षा नहीं करनी चाहिए। 3 जून से 20 अक्टूबर के बीच शनि आपके तीसरे भाव में नीच अवस्था में रहेगा। यह समय विवाह के दृष्टिकोण से बहुत अधिक मजबूत नहीं कहा जाएगा। इस दौरान प्रयास करने पर कुछ अड़चनें, देरी अथवा निर्णय लेने में असमंजस की स्थिति बन सकती है।
राहु-केतु के गोचर को भी विवाह संबंधी मामलों के लिए पूरी तरह अनुकूल नहीं कहा जाएगा। वहीं बृहस्पति का गोचर साल की शुरुआत से लेकर 25 जनवरी तक आपके सातवें भाव में रहेगा। यह विवाह के दृष्टिकोण से एक बहुत ही महत्वपूर्ण और सहयोगी स्थिति है। यानी वर्ष की शुरुआत में ही विवाह योग्य लोगों को अच्छे प्रस्ताव मिलने अथवा विवाह संबंधी बातचीत आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त हो सकते हैं। 25 जनवरी से 26 जून के बीच बृहस्पति आपके छठे भाव में रहेगा, इसलिए इस अवधि में विवाह संबंधी मामलों में परिणाम कुछ सामान्य या मिश्रित रह सकते हैं। इसके बाद 26 जून से 26 नवंबर के बीच बृहस्पति पुनः आपके सातवें भाव को प्रभावित करते हुए विवाह संबंधी मामलों में सहयोग देने की स्थिति में आ सकते हैं। 26 नवंबर के बाद बृहस्पति के परिणाम विवाह के मामले में कुछ कमजोर से हो सकते हैं।
यानी प्रमुख ग्रहों की स्थिति को मिलाकर देखा जाए तो वर्ष में ऐसे कई टाइम ड्यूरेशन बन रहे हैं जब विवाह संबंधी प्रयासों को गति मिल सकती है। विशेषकर वर्ष की शुरुआत और 26 जून के बाद का समय विवाह के मामले में महत्वपूर्ण रह सकता है। हालांकि राहु-केतु और शनि के कुछ कमजोर सहयोग के कारण हर प्रयास तुरंत सफल हो, ऐसा आवश्यक नहीं है। अड़चनों के बाद सफलता मिलने के योग बनेंगे। विशेषकर जनवरी से फरवरी तथा जुलाई से नवंबर के बीच विवाह संबंधी मामलों में सकारात्मक गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
वहीं वैवाहिक जीवन की बात की जाए तो इस मामले में वर्ष के कुछ हिस्सों में विशेष सावधानी रखने की आवश्यकता रहेगी लेकिन साल के एक बड़े हिस्से में बृहस्पति का प्रभाव दांपत्य जीवन में संतुलन बिठाने का काम करेगा। वैसे तो राहु केतु का प्रत्यक्ष प्रभाव सप्तम भाव पर नहीं है फिर भी द्वादश भाव में राहु के होने के चलते शैय्या सुख में बाधा के योग हैं। फलस्वरूप कभी कभार छोटी-मोटी गलतफहमियां भी देखने को मिल सकती हैं। गलतफहमी अथवा छोटी बातों को बड़ा बनाने की प्रवृत्ति से बचेंगे तो परेशानियां भी दूर रहेंगी। किसी भी बात पर बिना पूरी जानकारी के संदेह नहीं करना है और बातचीत के माध्यम से समस्या का समाधान करना है। ऐसा करने से परिणाम का लेवल और बेहतर हो सकेगा।
विशेषकर 9 मार्च से 26 अप्रैल के बीच आपके कर्म स्थान के स्वामी मंगल की नीच अवस्था और राहु केतु के प्रभाव के चलते काम का प्रेशर घर तक पहुंच सकता है। यदि आप ऐसा करने से बचेंगे यानी ऑफिस की जिम्मेदारियां ऑफिस में ही छोड़ कर आएंगे, घर तक उनका प्रेशर नहीं आएगा तो दिक्कतें भी नहीं आएंगी लेकिन यदि आप ऐसा नहीं कर पाते हैं तो इसका प्रभाव वैवाहिक जीवन पर भी पड़ सकता है। कुल मिलाकर वर्ष विवाह के लिए अवसर देने वाला है, लेकिन वैवाहिक जीवन को सुचारु रखने के लिए समझदारी, धैर्य और पारस्परिक विश्वास की आवश्यकता रहेगी। शुक्र का सहयोग भी कई टाइम ड्यूरेशंस में संबंधों को संभालने में मदद कर सकता है। जागरूक और समझदार लोग ग्रहों के कमजोर प्रभावों को नियंत्रित करके दांपत्य जीवन को संतुलित रखने में सफल रहेंगे।
अब घर बैठे विशेषज्ञ पुरोहित से कराएं इच्छानुसार ऑनलाइन पूजा और पाएं उत्तम परिणाम!
कुम्भ राशिफल 2027: पारिवारिक एवं गृहस्थ जीवन
कुम्भ राशि वालों! सबसे पहले पारिवारिक मामलों की बात करते हैं। आपके दूसरे भाव के स्वामी बृहस्पति हैं और वर्ष 2027 में बृहस्पति का गोचर पारिवारिक मामलों को अलग-अलग समय पर अलग-अलग प्रकार से प्रभावित करेगा। साल की शुरुआत में बृहस्पति आपके सातवें भाव में रहकर आपके प्रथम भाव को देखेंगे। फलस्वरूप आपकी समझदारी का लेवल काफी अच्छा रहेगा आप स्थितियों को बेहतर ढंग से हैंडल करेंगे। यह पारिवारिक मामलों के लिए अच्छी स्थिति कही जा सकती है। इस समय परिवार में आपसी सहयोग बढ़ सकता है तथा परिवार के सदस्यों के बीच किसी पुराने मतभेद को समाप्त करने का अवसर मिल सकता है। विवाह अथवा किसी शुभ कार्य के कारण भी परिवार में प्रसन्नता का वातावरण बन सकता है।
25 जनवरी से 26 जून के बीच बृहस्पति आपके छठे भाव में रहेंगे। वैसे तो यह स्थिति पारिवारिक मामलों के लिए बहुत मजबूत नहीं कही जाएगी। इस दौरान परिवार के किसी सदस्य के स्वास्थ्य, नौकरी, आर्थिक दबाव अथवा आपसी मतभेद से संबंधित छोटी-मोटी चिंताएं सामने आ सकती हैं लेकिन इन सब के बीच अनुकूल बात यह रहेगी कि बृहस्पति इस अवधि में नवम दृष्टि से दूसरे भाव को देखेंगे और समझदार लोगों को राहत देने का काम करेंगे। यानी समझदारी और संयम से परिस्थितियों को नियंत्रित किया जा सकेगा।
26 जून से 26 नवंबर के बीच बृहस्पति आपके सातवें भाव में आ जाएंगे। बृहस्पति के गोचर को सप्तम भाव में अच्छा माना गया है। बृहस्पति पुनः आपके प्रथम भाव और लाभ भाव को देखेंगे। ऐसे में आपकी समझदारी का स्तर बेहतर होगा और उसे समझदारी का आप लाभ भी ले सकेंगे। यह समय पारिवारिक मामलों के लिए पुनः सहयोगी रह सकता है। परिवार में बातचीत बढ़ेगी और गलतफहमियों को दूर करने के अवसर मिलेंगे। परिवार में विवाह, संतान अथवा किसी शुभ कार्य को लेकर भी गतिविधियां बढ़ सकती हैं। 26 नवंबर के बाद बृहस्पति अष्टम भाव में जाएंगे। वैसे तो यहां पर बृहस्पति के गोचर को सामान्य तौर पर कमजोर परिणाम देने वाला कहा गया है लेकिन अष्टम भाव में पहुंचकर बृहस्पति दूसरे भाव को देखेंगे। फलस्वरूप धैर्य और समझदारी के माध्यम से पारिवारिक समस्याओं को रोका जा सकेगा। शनि की दृष्टिकोण से देखा जाए तो बीच-बीच में कुछ परेशानियां तो रहेगी लेकिन बृहस्पति के दृष्टिकोण से देखा जाए तो परेशानियां नियंत्रण में रहेंगी। वैसे तो ज्यादातर समय शनि ग्रह दूसरे भाव में ही रहेंगे लेकिन 3 जून से 20 अक्टूबर के बीच ये तीसरे भाव में नीचे अवस्था में रहेंगे। दोनों ही स्थितियों में कम बोलना और सार्थक बोलना साथ ही साथ मृदुभाषी बनने का प्रयास करना पारिवारिक मामलों में सकारात्मकता देने का काम करेगा।
गृहस्थ जीवन की बात करें तो इस मामले में भी आपको मिले-जुले परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। आपके चतुर्थ भाव का स्वामी शुक्र है और शुक्र का गोचर वर्ष के अधिकांश समय गृहस्थ सुख को बनाए रखने में सहयोग करेगा, लेकिन कुछ टाइम ड्यूरेशंस में शनि की दृष्टि का प्रभाव घरेलू वातावरण में तनाव अथवा असंतोष देने का काम कर सकता है। 3 जून से 20 अक्टूबर के अलावा बाकी के समय में शनि का प्रभाव किसी ने किसी तरह चतुर्थ भाव में बना रहेगा जो असंतोष या गृहस्थ जीवन से संबंधित परेशानियां देने का काम कर सकता है। फलस्वरूप गृहस्थ मामलों में अतिरिक्त जिम्मेदारियां बढ़ सकती है। बीच-बीच में घर की मरम्मत, स्थान परिवर्तन, पारिवारिक जिम्मेदारियों अथवा संपत्ति से जुड़े मामलों के कारण मानसिक दबाव महसूस हो सकता है। हालांकि बृहस्पति का सहयोग आगे चलकर परिस्थितियों को संतुलित करने का काम करेगा। कुल मिलाकर परिवार के लिए वर्ष पूरी तरह खराब नहीं है। छोटी-मोटी परेशानियां आती रहेंगी लेकिन समझदारी, संवाद और धैर्य के माध्यम से उन्हें नियंत्रित किया जा सकेगा।
कुम्भ राशिफल 2027: भूमि, भवन एवं वाहन सुख
कुम्भ राशि वालों! यदि भूमि, भवन और वाहन से संबंधित मामलों के लिए प्रमुख ग्रहों के गोचरों को देखा जाए तो इस वर्ष आपको मिले-जुले परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। आपके चतुर्थ भाव के स्वामी शुक्र हैं और शुक्र सामान्यतः वाहन, भवन, सुख-सुविधाओं तथा भौतिक संसाधनों से संबंधित मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शुक्र का सहयोग साल के अधिकांश समय आपको मिलता रहेगा। इसलिए भूमि, भवन या वाहन से संबंधित इच्छाओं की पूर्ति के अवसर भी बीच-बीच में मिलते रहेंगे। हालांकि शनि की तीसरी दृष्टि भी चौथे भाव पर रहेगी ऐसे में किसी भी तरीके का विवादित सौदा नहीं करना है। वाहन खरीदने वाले लोगों को जल्दबाजी में निर्णय नहीं लेना चाहिए। साथ ही साथ पुराने वाहन इत्यादि खरीदते समय एक्सपर्ट एडवाइस लेकर वहां की सही कंडीशन का परीक्षण बहुत जरूरी रहेगा। साथ ही साथ वाहन के तकनीकी और कानूनी दस्तावेजों की अच्छी तरह जांच कर लेना जरूरी रहेगा।
यद्यपि इस वर्ष भूमि, भवन और वाहन से जुड़े मामलों में किए जाने वाले प्रयासों में सफलता मिलने के योग तो है लेकिन में देरी अथवा अतिरिक्त मेहनत की स्थिति भी बन सकती है। अतः किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर करने से पहले उसकी पूरी तरह जांच कर लेना उचित रहेगा।
9 मार्च से 26 अप्रैल के बीच मंगल की स्थिति प्लेसमेंट के अनुसार भले ठीक रहे लेकिन नीच अवस्था के कारण भूमि और भवन यानी प्रॉपर्टीवाले मामलों में विशेष सावधानी जरूरत रहेगी। जमीन या मकान की खरीदारी में कागजात की जांच के बिना एडवांस देना उचित नहीं रहेगा।
यानी भूमि, भवन और वाहन के मामले में वर्ष पूरी तरह सीधे-सीधे अनुकूल नहीं है, लेकिन समझदारी से कदम उठाने पर इच्छाओं की पूर्ति के योग बन सकते हैं। आइए अब जानते हैं कि यदि इस वर्ष किसी प्रकार की समस्या आती है तो कौन से उपाय करने से आपको राहत मिल सकती है और तरक्की के रास्ते खुल सकते हैं? यानी उपायों की बात कर ली जाए!
कुम्भ राशि वालों के लिए उपाय
- नियमित रूप से मंदिर जाएं और माथे पर दूध से तिलक लगाएं।
- मंदिर के पुजारी, गुरुजन या फिर अपने शिक्षक को कपड़े भेंट करें।
- संभव हो तो प्रत्येक महीने, नहीं तो कम से कम चार महीनों में एक बार भगवान शिव का रुद्राभिषेक अवश्य करवाएं।
हम उम्मीद करते हैं कि इस राशिफल के माध्यम से कुम्भ राशि वाले अपने आने वाले साल 2027 के बारे में जानकर, अच्छे बुरे समय को पहचान कर साल को और बेहतर बना सकेंगे। आपका आने वाला साल बहुत मंगलमय हो। भगवती आप सबका कल्याण करें।
सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर
हम उम्मीद करते हैं कि आपको हमारा यह लेख ज़रूर पसंद आया होगा। अगर ऐसा है तो आप इसे अपने अन्य शुभचिंतकों के साथ ज़रूर साझा करें। धन्यवाद!
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
1. 2027 में कुंभ राशि वालों की सेहत कैसी रहेगी?
सेहत सामान्य से बेहतर रह सकती है, लेकिन तनाव से बचना और अपनी दिनचर्या को संतुलित रखना जरूरी होगा।
2. क्या 2027 में कुंभ राशि वालों को करियर में सफलता मिलेगी?
करियर में नए अवसर मिल सकते हैं। मेहनत और सोच-समझकर लिए गए फैसलों से अच्छे परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।
3. 2027 में कुंभ राशि वालों की आर्थिक स्थिति कैसी रहेगी?
आर्थिक स्थिति अनुकूल रहने के संकेत हैं। आय में बढ़ोतरी और धन लाभ के अवसर मिल सकते हैं।
Astrological services for accurate answers and better feature
Astrological remedies to get rid of your problems
AstroSage on MobileAll Mobile Apps
- Horoscope 2026
- राशिफल 2026
- Calendar 2026
- Holidays 2026
- Shubh Muhurat 2026
- Saturn Transit 2026
- Ketu Transit 2026
- Jupiter Transit In Cancer
- Education Horoscope 2026
- Rahu Transit 2026
- ராசி பலன் 2026
- राशि भविष्य 2026
- રાશિફળ 2026
- রাশিফল 2026 (Rashifol 2026)
- ರಾಶಿಭವಿಷ್ಯ 2026
- రాశిఫలాలు 2026
- രാശിഫലം 2026
- Astrology 2026






