बुध का वृषभ राशि में गोचर (15 मई, 2026)
वैदिक ज्योतिष में ग्रहों के गोचर का जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ता है और जब बात बुध ग्रह की हो, तो इसका असर सोच, संवाद, व्यापार और निर्णय क्षमता पर साफ दिखाई देता है। 15 मई 2026 को बुध ग्रह का वृषभ राशि में गोचर होने जा रहा है, जो कई राशियों के लिए विशेष रूप से शुभ संकेत लेकर आ रहा है। यह गोचर आपके जीवन को किस प्रकार और किस स्तर तक प्रभावित करेगा, आइए इस विशेष लेख में विस्तार से जानते हैं।
बुध ग्रह को वैदिक ज्योतिष में राजकुमार ग्रह की संज्ञा दी गई है। बुध बुद्धि, तर्कशक्ति, ज्ञान, वाणी, हास्य और संचार कौशल का प्रतिनिधित्व करता है। यही कारण है कि कुंडली में बुध की मजबूत स्थिति व्यक्ति को तेजस्वी, समझदार, व्यावहारिक और प्रभावशाली वक्ता बनाती है।
वहीं यदि बुध कमजोर या अशुभ स्थिति में हो, तो जातक को मानसिक तनाव, भ्रम, गलत निर्णय और संवाद संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
विद्वान ज्योतिषियों से फोन पर बात करें और जानें बुध का कुंभ राशि में उदय का अपने जीवन पर प्रभाव
बुध का वृषभ राशि में गोचर: तिथि और समय
वर्ष 2026 में 15 मई की मध्यरात्रि 00:18 बजे , बुध ग्रह मेष राशि को छोड़कर वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे। अब आइए आगे जानते हैं कि बुध का यह गोचर आपकी राशि को किस प्रकार प्रभावित करेगा और किन जातकों के लिए यह समय विशेष रूप से भाग्यशाली रहने वाला है:
Read in English: Mercury Transit in Taurus
मेष राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
मेष राशि के जातकों के लिए बुध तीसरे और छठे भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर के दौरान बुध आपकी राशि से द्वितीय भाव में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष में दूसरा भाव परिवार, वाणी, धन, प्रारंभिक शिक्षा और पारिवारिक मूल्यों का प्रतीक माना जाता है। इसी कारण इसे कुटुंब भाव और धन भाव भी कहा जाता है।
बुध के इस गोचर के प्रभाव से आपकी वाणी में मधुरता आएगी और आप अपनी बातों से लोगों को प्रभावित करने में सफल रहेंगे। आप अधिक समझदारी से निर्णय लेते दिखाई देंगे और पारिवारिक मामलों में भी संतुलन बनाए रखने का प्रयास करेंगे। विशेष रूप से जो जातक संगीत, काउंसलिंग, मार्गदर्शन या सलाहकार जैसे कार्यों से जुड़े हैं, उनके लिए यह समय सकारात्मक परिणाम देने वाला साबित हो सकता है।
हालांकि आर्थिक दृष्टि से यह गोचर कुछ चुनौतियां भी लेकर आ सकता है। इस दौरान धन संचय में कठिनाई महसूस हो सकती है और खर्चों पर नियंत्रण रखना आवश्यक होगा। किसी भी प्रकार के दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करने से पहले उसे अच्छी तरह पढ़ना बेहद जरूरी रहेगा। निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें और जल्दबाज़ी से बचें, अन्यथा नुकसान की संभावना बन सकती है।
निजी और प्रेम जीवन की बात करें तो इस समय आपको अपने साथी के साथ अधिक समय बिताने की आवश्यकता होगी। रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए संवाद और समझ बेहद जरूरी रहेंगे। अपने पार्टनर पर नियंत्रण करने की कोशिश करने से बचें, क्योंकि इससे रिश्तों में तनाव आ सकता है। वहीं पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा और आप दोस्तों, रिश्तेदारों और परिवार के साथ खुशनुमा समय बिताते नजर आएंगे।
स्वास्थ्य के लिहाज़ से आप खुद को ऊर्जावान और सक्रिय महसूस करेंगे, लेकिन फिर भी अपनी दिनचर्या में योग, ध्यान या हल्के व्यायाम को शामिल करना फायदेमंद रहेगा। इस दौरान नाक, कान और गले से जुड़ी समस्याएं या दांतों से संबंधित परेशानी हो सकती है, इसलिए नियमित जांच और सावधानी जरूरी है।
यह राशिफल आपकी चंद्र राशि पर आधारित है। अपनी व्यक्तिगत चन्द्र राशि अभी जानने के लिए चंद्र राशि कैलकुलेटर का उपयोग करें
उपाय
बुध ग्रह से शुभ फल प्राप्त करने के लिए तुलसी का पौधा लगाएं और उसका नियमित रूप से पालन-पोषण करें।
जानें सफल करियर चुनने का सही रास्ता - कोग्निऐस्ट्रो रिपोर्ट
वृषभ राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
वृषभ राशि के जातकों के लिए बुध दूसरे और पांचवें भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर में बुध आपकी ही राशि में, यानी प्रथम भाव (लग्न भाव) में विराजमान होंगे। लग्न भाव को तनु भाव भी कहा जाता है, जो व्यक्ति के स्वभाव, व्यक्तित्व, स्वास्थ्य और जीवन की दिशा को दर्शाता है।
बुध के प्रथम भाव में गोचर करने से जातकों के व्यक्तित्व में निखार आएगा। आप आत्मविश्वास से भरे रहेंगे और अपने विचारों को स्पष्ट रूप से व्यक्त कर पाएंगे। पारिवारिक जीवन में सौहार्द बना रहेगा और विवाहित जातक अपने जीवनसाथी के साथ सुखद और संतुलित समय बिताते नजर आएंगे।
यह समय इसलिए भी खास है क्योंकि बुध प्रथम भाव से आपके सप्तम भाव को दृष्टि देंगे, जिससे दांपत्य जीवन और साझेदारी से जुड़े मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने की प्रबल संभावना है। जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा और आपसी समझ और विश्वास मजबूत होगा।
आर्थिक रूप से यह गोचर आपके लिए अनुकूल सिद्ध होगा। खासतौर पर जो जातक नया घर खरीदने, निर्माण कराने या घर के नवीनीकरण की योजना बना रहे थे, उनके लिए यह समय बेहद शुभ माना जा सकता है। समाज में आपकी प्रतिष्ठा, मान-सम्मान और लोकप्रियता में भी वृद्धि होगी।
विद्यार्थियों के लिए यह गोचर एकाग्रता और बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने वाला रहेगा, जिससे वे पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन कर पाएंगे। नौकरीपेशा जातकों को करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिल सकते हैं और वे नए अवसरों की तलाश में सफल रहेंगे। वहीं व्यापार से जुड़े लोगों को लाभ और विस्तार के योग बनते दिखाई देंगे।
स्वास्थ्य की दृष्टि से आप खुद को अधिक स्वस्थ और ऊर्जावान महसूस करेंगे, लेकिन फिर भी नियमित व्यायाम और संतुलित आहार को नज़रअंदाज़ न करें।
उपाय
बुधवार के दिन भगवान गणेश को मिठाई अर्पित करें।
करियर की हो रही है टेंशन! अभी ऑर्डर करें कॉग्निएस्ट्रो रिपोर्ट
मिथुन राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
मिथुन राशि के जातकों के लिए बुध प्रथम और चतुर्थ भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर में बुध आपके द्वादश भाव में संचरण करेंगे। द्वादश भाव व्यय, हानि, विदेश यात्रा, एकांत, मोक्ष और आध्यात्मिकता से जुड़ा माना जाता है। इसलिए यह अवधि आपके लिए कुछ उतार-चढ़ाव लेकर आ सकती है।
पेशेवर जीवन में इस समय आपको कई चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यस्थल पर दबाव, विरोध या असमंजस की स्थिति बन सकती है। व्यापार से जुड़े जातकों को हर निर्णय बेहद सोच-समझकर लेने की आवश्यकता होगी। कोई भी नया कार्य शुरू करने या बड़ा जोखिम उठाने से फिलहाल बचना ही बेहतर रहेगा।
आर्थिक रूप से यह समय थोड़ा सावधानी भरा रहेगा। खर्चों में वृद्धि हो सकती है और निवेश से जुड़े फैसले नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। इसलिए यथार्थवादी सोच अपनाएं और बजट बनाकर चलने की कोशिश करें।
निजी जीवन में रिश्तों को संतुलित बनाए रखने के लिए अपने क्रोध और आक्रामकता पर नियंत्रण रखना बेहद जरूरी होगा। बेवजह के विवाद रिश्तों में दूरी पैदा कर सकते हैं। हालांकि कुछ जातकों को इस दौरान विदेश यात्रा या विदेशी संपर्कों से लाभ मिलने की संभावना भी बन सकती है।
विद्यार्थियों के लिए यह समय अपेक्षाकृत बेहतर रहेगा और परीक्षा में अच्छे परिणाम मिलने के योग बन सकते हैं। स्वास्थ्य की बात करें तो त्वचा और आंखों से संबंधित छोटी-मोटी परेशानियां हो सकती हैं, इसलिए समय रहते सावधानी और उपचार आवश्यक रहेगा।
उपाय
बुध ग्रह की शांति और मजबूती के लिए नियम व विधि से हरा पन्ना रत्न अपनी तर्जनी उंगली में धारण करें।
कर्क राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
कर्क राशि के जातकों के लिए बुध ग्रह बारहवें और तृतीय भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर के दौरान बुध आपकी राशि से एकादश भाव में प्रवेश करेंगे। ज्योतिष में एकादश भाव को आय और इच्छापूर्ति का भाव कहा जाता है। यह भाव न केवल धन लाभ बल्कि जीवन में मिलने वाली उपलब्धियों, मित्रों, सामाजिक दायरे और बड़े भाई-बहनों से भी जुड़ा होता है।
बुध का यह गोचर कर्क राशि के जातकों के लिए अत्यंत अनुकूल सिद्ध होगा। इस अवधि में आपकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल सकती है और लंबे समय से चली आ रही इच्छाएं पूरी होने की प्रबल संभावना बनेगी। नौकरीपेशा जातकों को पदोन्नति या वेतन वृद्धि जैसे शुभ समाचार मिल सकते हैं, वहीं व्यापार से जुड़े लोगों को भी लाभदायक सौदे मिलने के संकेत हैं।
आर्थिक दृष्टि से यह समय निवेश के लिए भी शुभ माना जा सकता है। इस दौरान किए गए निवेश, चाहे वे अल्पकालिक हों या दीर्घकालिक, भविष्य में अच्छा लाभ देने में सक्षम रहेंगे। यदि आप किसी नई आर्थिक योजना पर विचार कर रहे थे, तो उसे आगे बढ़ाने के लिए यह समय अनुकूल रहेगा।
निजी और सामाजिक जीवन की बात करें तो आप इस दौरान अधिक सामाजिक और सक्रिय नजर आएंगे। नए और प्रभावशाली लोगों से संपर्क बनेगा, जो भविष्य में आपके लिए उपयोगी सिद्ध हो सकता है। मित्रों के साथ समय बिताना आपको मानसिक सुकून देगा और वरिष्ठों या अनुभवी लोगों का मार्गदर्शन आपकी कई उलझनों को सुलझाने में सहायक रहेगा। पारिवारिक जीवन भी सुखद रहेगा और विवाहित जातक अपने जीवनसाथी के साथ मधुर और संतुलित समय बिताएंगे।
स्वास्थ्य की दृष्टि से यह अवधि संतोषजनक रहेगी। आप खुद को ऊर्जावान और स्वस्थ महसूस करेंगे, लेकिन फिर भी संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और योग या ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करना आपके लिए और अधिक लाभकारी रहेगा।
उपाय
बुध ग्रह से निरंतर शुभ फल प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन “ॐ बुधाय नमः” मंत्र का 108 बार श्रद्धा और एकाग्रता के साथ जाप करें।
सिंह राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
सिंह राशि के जातकों के लिए बुध ग्यारहवें और दूसरे भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर के दौरान बुध आपकी राशि से दशम भाव में प्रवेश करेंगे। दशम भाव को कर्म भाव कहा जाता है, जो करियर, प्रतिष्ठा, कार्यक्षेत्र, राजनीति, पिता और जीवन के बड़े लक्ष्यों का प्रतिनिधित्व करता है।
बुध का दशम भाव में गोचर सिंह राशि के जातकों के लिए करियर के क्षेत्र में शानदार अवसर लेकर आएगा। इस दौरान आप अपने कार्यक्षेत्र में खुद को साबित करने के लिए अधिक प्रेरित रहेंगे और आपकी मेहनत को पहचान भी मिलेगी। वरिष्ठ अधिकारी और सहकर्मी आपके कार्य से प्रभावित होंगे, जिससे मान-सम्मान और प्रसिद्धि में वृद्धि होगी।
यह समय आपकी रचनात्मकता और व्यावहारिक कौशल को निखारने वाला रहेगा। आप अपने कार्यों को कुशलता और प्रभावशाली ढंग से पूरा करने में सक्षम होंगे। आर्थिक रूप से यह अवधि विशेष रूप से भू-संपत्ति, घर या वाहन से जुड़े निवेश के लिए अनुकूल मानी जा सकती है। बुध की दशम भाव से चतुर्थ भाव पर दृष्टि, संपत्ति से लाभ के योग को और मजबूत करेगी।
निजी जीवन में आपका दृष्टिकोण सकारात्मक रहेगा, जिसका असर सीधे आपके पारिवारिक माहौल पर पड़ेगा। घर में शांति और सामंजस्य बना रहेगा। विवाहित जातक अपने जीवनसाथी के साथ बेहतर तालमेल बैठा पाएंगे और रिश्ते में स्थिरता महसूस करेंगे। इस दौरान सार्वजनिक मंचों पर भाषण देना, अपने विचार रखना या नेतृत्व की भूमिका निभाना आपके लिए लाभकारी सिद्ध हो सकता है।
छात्रों के लिए भी यह गोचर अनुकूल रहेगा और वे अपनी पढ़ाई में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। स्वास्थ्य के लिहाज़ से कोई बड़ी समस्या परेशान नहीं करेगी, लेकिन फिर भी आपको जमीन से जुड़े रहकर, संतुलित जीवनशैली अपनाने और स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न बरतने की सलाह दी जाती है।
उपाय
बुधवार के दिन किसी भी मंदिर में हरी दाल का दान करें।
कन्या राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
कन्या राशि के जातकों के लिए बुध पहले और दसवें भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर में बुध आपकी राशि से नवम भाव में प्रवेश करेंगे। नवम भाव को भाग्य भाव कहा जाता है, जो भाग्य, धर्म, गुरु, उच्च शिक्षा, लंबी यात्राओं और जीवन के सिद्धांतों से जुड़ा होता है।
बुध का नवम भाव में गोचर कन्या राशि के जातकों के लिए भाग्य को मजबूत करने वाला साबित होगा। करियर के क्षेत्र में नए और बेहतर अवसर प्राप्त हो सकते हैं, खासतौर पर नौकरीपेशा जातकों के लिए यह समय प्रगति का संकेत देता है। हालांकि आपको यह सलाह दी जाती है कि निरंतर मेहनत करते रहें और अति आत्मविश्वास से बचें, क्योंकि संतुलन बनाए रखना ही सफलता की कुंजी रहेगा।
मनोरंजन, मीडिया या रचनात्मक क्षेत्रों से जुड़े जातकों को इस दौरान विशेष लाभ मिलने की संभावना है। उच्च अधिकारियों के साथ आपके संबंध बेहतर होंगे, जिससे कार्यस्थल पर उन्नति के रास्ते खुल सकते हैं। जो छात्र विदेश जाकर पढ़ाई करने की योजना बना रहे थे, उनके लिए भी यह समय अनुकूल संकेत दे रहा है।
आर्थिक दृष्टि से खर्चों में थोड़ी वृद्धि हो सकती है, लेकिन साथ ही वेतन वृद्धि या अतिरिक्त आय के योग भी बन सकते हैं। इसलिए शुरुआत से ही बचत पर ध्यान देना और भविष्य की योजनाएं बनाना समझदारी होगी। पारिवारिक जीवन में माता-पिता का सम्मान करना और भाई-बहनों के साथ मधुर संबंध बनाए रखना बेहद जरूरी रहेगा। इस दौरान क्रोध या आवेग को खुद पर हावी न होने दें, अन्यथा रिश्तों में तनाव आ सकता है।
स्वास्थ्य के लिहाज़ से इस अवधि में छोटी-मोटी समस्याएं परेशान कर सकती हैं, इसलिए समय रहते सावधानी बरतना और तनाव से बचना आपके लिए आवश्यक होगा।
उपाय
प्रतिदिन भगवान विष्णु की श्रद्धापूर्वक पूजा करें।
कुंडली में मौजूद राज योग की समस्त जानकारी पाएं
तुला राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
तुला राशि के जातकों के लिए बुध बारहवें और नवम भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर के दौरान बुध आपकी राशि से अष्टम भाव में प्रवेश करेंगे। वैदिक ज्योतिष में अष्टम भाव को आयुर्भाव कहा जाता है, जो जीवन में अचानक होने वाली घटनाओं, उतार-चढ़ाव, रहस्य, शोध, गूढ़ विषयों और परिवर्तन का प्रतिनिधित्व करता है।
इस गोचर के दौरान आपके रिश्तों में कुछ गलतफहमियां उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे मानसिक तनाव बढ़ने की आशंका रहेगी। हालांकि घबराने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आपकी सूझ-बूझ और संवाद क्षमता की मदद से आप इन उलझनों को समय रहते सुलझाने में सफल रहेंगे। इस समय आपको विशेष रूप से यह सलाह दी जाती है कि किसी भी परिस्थिति में घर के बड़े-बुजुर्गों के साथ बहस या विवाद में न उलझें, क्योंकि पैतृक संपत्ति या पारिवारिक मामलों को लेकर मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं।
कार्यक्षेत्र की बात करें तो विदेशी स्रोतों या विदेश से जुड़े कार्यों के माध्यम से आपको अच्छा लाभ मिलने की संभावना है। यदि आप विदेश यात्रा या वीज़ा से संबंधित किसी प्रक्रिया में हैं, तो यह समय आपके लिए अनुकूल सिद्ध हो सकता है। हालांकि भाग्य का पूरा साथ न मिलने के कारण आपको अपने कार्य या व्यवसाय में अपेक्षा से अधिक मेहनत करनी पड़ेगी।
जो जातक आयात-निर्यात, मीडिया, संचार, लेखन या प्रकाशन से जुड़े हैं, उनके लिए बुध देव लाभ के योग बना रहे हैं। आर्थिक जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव संभव हैं और कुछ जातकों को धन हानि का सामना भी करना पड़ सकता है, लेकिन अपने प्रयासों और सही निर्णयों के बल पर आप अप्रत्याशित धन लाभ भी अर्जित कर सकते हैं।
स्वास्थ्य के लिहाज़ से यह समय आपको मानसिक रूप से थोड़ा संवेदनशील बना सकता है। इसलिए तनाव से दूर रहते हुए योग, ध्यान और सकारात्मक सोच को अपनाना आपके लिए बेहद आवश्यक रहेगा।
उपाय
बुध ग्रह को मजबूत करने और नकारात्मक प्रभावों से बचने के लिए बुध ग्रह के बीज मंत्र का प्रतिदिन 108 बार श्रद्धा और एकाग्रता के साथ जाप करें।
वृश्चिक राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
वृश्चिक राशि के जातकों के लिए बुध अष्टम और ग्यारहवें भाव के स्वामी होते हैं और वृषभ राशि में बुध का यह गोचर आपकी राशि से सप्तम भाव में होगा। सप्तम भाव को विवाह भाव कहा जाता है, जो जीवनसाथी, वैवाहिक जीवन और साझेदारी से जुड़े सभी विषयों को दर्शाता है।
यह गोचर विशेष रूप से पार्टनरशिप में व्यवसाय करने वाले जातकों के लिए शुभ संकेत लेकर आ रहा है। व्यापारिक साझेदारी से लाभ, मान-सम्मान में वृद्धि और नए अनुबंध मिलने की संभावना प्रबल रहेगी। इस समय आपका विनम्र और सादगी भरा व्यवहार आपको विरोधियों से भी सुरक्षित रखेगा, इसलिए अहंकार से दूर रहना आपके हित में होगा।
जो जातक नया व्यापार या कोई नई परियोजना शुरू करने की योजना बना रहे थे, उनके लिए यह अवधि अनुकूल साबित हो सकती है। इस दौरान आपकी मुलाकात कुछ नए और प्रभावशाली व्यापारिक लोगों से हो सकती है, जो भविष्य में आपके लिए लाभदायक सिद्ध होंगे।
हालांकि निजी जीवन में विवाहित जातकों को थोड़ी सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी। जीवनसाथी के साथ अहंकार या गलतफहमी के कारण मतभेद उत्पन्न हो सकते हैं। ऐसे में किसी तीसरे व्यक्ति को बीच में लाने के बजाय आपसी संवाद से ही समस्याओं को सुलझाना बेहतर रहेगा। अविवाहित जातकों के लिए यह समय खास साबित हो सकता है, क्योंकि किसी विशेष व्यक्ति से मुलाकात और गंभीर रिश्ते की शुरुआत के योग बन रहे हैं।
यह गोचर आपके जीवनसाथी के स्वास्थ्य को लेकर थोड़ी चिंता दे सकता है, इसलिए उनका विशेष ध्यान रखें। आर्थिक जीवन में यह अवधि अचानक धन लाभ और विभिन्न स्रोतों से आय बढ़ने के संकेत देती है। स्वास्थ्य की दृष्टि से आप स्वयं को फिट और ऊर्जावान महसूस करेंगे, फिर भी नियमित व्यायाम और अनुशासित जीवन शैली अपनाना जरूरी रहेगा।
उपाय
बुधवार के दिन व्रत का पालन करें और दिनभर सात्विक आहार लें।
बृहत् कुंडली : जानें ग्रहों का आपके जीवन पर प्रभाव और उपाय
धनु राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
धनु राशि के जातकों के लिए बुध सातवें और दसवें भाव के स्वामी होते हैं और यह गोचर आपकी चंद्र राशि से षष्ठम भाव में हो रहा है। ज्योतिष में षष्ठम भाव को शत्रु भाव कहा जाता है, जो रोग, प्रतिस्पर्धा, विरोधी, नौकरी, कानूनी विवाद और रोग प्रतिरोधक क्षमता से जुड़ा होता है।
इस गोचर के प्रभाव से आप अपने व्यापार और नौकरी दोनों ही क्षेत्रों में अच्छा प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे। कार्यक्षेत्र में आपकी मेहनत रंग लाएगी और आपको सहयोगियों व अधीनस्थों का पूरा समर्थन मिलेगा। पदोन्नति या कार्य में सराहना मिलने के भी योग बन सकते हैं, जिससे आपकी आत्मविश्वास में वृद्धि होगी।
आर्थिक जीवन की बात करें तो जो जातक अपने व्यवसाय का विस्तार करना चाहते हैं, उन्हें फिलहाल धैर्य रखने और सही योजना बनाने की आवश्यकता होगी। इस विस्तार के लिए बड़े निवेश की जरूरत पड़ेगी, इसलिए जल्दबाज़ी में लिया गया कोई भी निर्णय नुकसानदायक साबित हो सकता है।
प्रेम संबंधों में यह गोचर सहजता और स्थिरता लेकर आएगा। आप अपने रिश्ते में संतुलन और मधुरता का अनुभव करेंगे। हालांकि छात्रों को पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने में कुछ कठिनाई हो सकती है, इसलिए उन्हें अतिरिक्त मेहनत और अनुशासन अपनाने की आवश्यकता होगी।
स्वास्थ्य के लिहाज़ से इस समय आपको अपने जीवनसाथी की सेहत पर विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि उन्हें कुछ छोटी-मोटी समस्याएं परेशान कर सकती हैं।
उपाय
बुध ग्रह से शुभ परिणाम प्राप्त करने के लिए नियमित रूप से तोते को हरा चारा या अनाज खिलाएं।
मकर राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
मकर राशि के जातकों के लिए बुध ग्रह छठे और नवम भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर के दौरान बुध आपकी राशि से पंचम भाव में प्रवेश करेंगे। पंचम भाव को संतान भाव कहा जाता है, जिससे प्रेम, रचनात्मकता, बुद्धि, शिक्षा, प्रतियोगिता और नए अवसरों का विचार किया जाता है।
बुध का पंचम भाव में गोचर मकर राशि के जातकों के लिए कार्यक्षेत्र में सफलता के संकेत देता है। इस दौरान आप अपने कार्यों और परियोजनाओं को रचनात्मक तरीके से पूरा करने में सक्षम होंगे। आपकी बौद्धिक क्षमता में वृद्धि होगी और निर्णय लेने की शक्ति भी मजबूत होगी। विद्यार्थियों के लिए यह समय विशेष रूप से अनुकूल रहेगा, क्योंकि वे अपनी पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं को आसानी से हल कर पाएंगे और एकाग्रता बनाए रखने में सफल रहेंगे।
व्यापार से जुड़े जातकों को भी इस अवधि में लाभ मिलने की संभावना है। वहीं कुछ जातक जोखिम भरे क्षेत्रों जैसे सट्टा, लॉटरी या जुए की ओर आकर्षित हो सकते हैं। हालांकि अल्पकालिक लाभ की संभावना दिख सकती है, लेकिन ऐसी गतिविधियों से दूर रहना ही समझदारी होगी, क्योंकि यह भविष्य में बड़ी परेशानी का कारण बन सकता है।
निजी जीवन की बात करें तो कुछ प्रेमी जातकों को प्रेम विवाह के योग बनते दिखाई देंगे। हालांकि रिश्तों में किसी भी प्रकार के अनावश्यक विवाद से बचना बेहद जरूरी रहेगा, क्योंकि छोटी सी बात भी बड़े मतभेद का रूप ले सकती है।
स्वास्थ्य की दृष्टि से यह समय सामान्य रूप से अनुकूल रहेगा और आप खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे। फिर भी अत्यधिक शारीरिक श्रम से बचें और तनाव को अपने ऊपर हावी न होने दें। योग, ध्यान और मानसिक शांति से जुड़ी गतिविधियां आपको इस गोचर के दौरान संतुलित रखेंगी।
उपाय
यदि आपकी कुंडली में बुध कमजोर है, तो प्रतिदिन गाय को हरी घास या हरी सब्जियां खिलाएं।
कुंभ राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
कुंभ राशि के जातकों के लिए बुध पंचम और अष्टम भाव के स्वामी होते हैं और अब बुध आपकी राशि से चतुर्थ भाव में गोचर करेंगे। कुंडली का चौथा भाव सुख भाव कहलाता है, जो माता, मानसिक शांति, घर, वाहन, संपत्ति और भावनात्मक स्थिरता से जुड़ा होता है।
इस गोचर के दौरान कुंभ राशि के जातकों को जीवन में कुछ उतार-चढ़ाव का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में ध्यान केंद्रित करना थोड़ा कठिन हो सकता है और आपको अपने कार्यों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ेगी। व्यापारियों को भी इस समय संघर्ष के बाद ही सफलता मिलती दिखाई देगी।
हालांकि प्रेम और वैवाहिक जीवन के लिए यह अवधि सकारात्मक संकेत देती है। विवाहित जातकों के रिश्ते में मधुरता बढ़ेगी और जो लोग प्रेम विवाह की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह समय अनुकूल सिद्ध हो सकता है। ससुराल पक्ष से भी सहयोग और सुख मिलने के योग बन रहे हैं।
इस दौरान आपका झुकाव अपने निजी जीवन को बेहतर बनाने की ओर अधिक रहेगा। हालांकि अचानक किसी फोन कॉल या संदेश के माध्यम से कोई अप्रत्याशित समाचार मिल सकता है, जो आपको भावनात्मक रूप से प्रभावित कर सकता है।
स्वास्थ्य की दृष्टि से इस समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता होगी। पानी से जुड़े खेल या गतिविधियों में सतर्क रहें, क्योंकि चोट या दुर्घटना की संभावना बन सकती है। कुछ जातकों को सर्दी-खांसी या मौसमी बीमारियों का भी सामना करना पड़ सकता है।
उपाय
बुध के नकारात्मक प्रभाव को कम करने के लिए दांतों और मुंह की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
मीन राशि पर बुध गोचर का प्रभाव
मीन राशि के जातकों के लिए बुध चतुर्थ और सप्तम भाव के स्वामी होते हैं और इस गोचर के दौरान बुध आपकी राशि से तृतीय भाव में प्रवेश करेंगे। तृतीय भाव को सहज भाव कहा जाता है, जो साहस, आत्मविश्वास, संचार, इच्छाशक्ति, छोटे भाई-बहन और ऊर्जा का प्रतीक होता है।
बुध का तृतीय भाव में गोचर मीन राशि के जातकों को अधिक साहसी, आत्मनिर्भर और ऊर्जावान बनाएगा। आपकी गणनात्मक क्षमता बेहतर होगी और संचार कौशल में भी स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा। आप अपने विचारों को प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करने में सफल रहेंगे।
आर्थिक दृष्टि से यह अवधि बेहद अनुकूल मानी जा सकती है। लंबी अवधि की योजनाओं में निवेश करने से आपको भविष्य में अच्छा लाभ मिल सकता है। इस दौरान की गई यात्राएं भी लाभकारी साबित होंगी और नई संभावनाओं के द्वार खोलेंगी।
निजी जीवन में विवाहित जातकों को अपने रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए एक-दूसरे के साथ समय बिताने की आवश्यकता होगी। माता-पिता के साथ संबंधों में भी मधुरता आएगी। हालांकि कभी-कभी मानसिक तनाव आपको परेशान कर सकता है, लेकिन आपकी सहनशक्ति आपको हर स्थिति से उबरने में मदद करेगी।
वैवाहिक जीवन में किसी भी प्रकार के वाद-विवाद से बचना आवश्यक होगा, क्योंकि छोटी बात भी बड़ा रूप ले सकती है। स्वास्थ्य की दृष्टि से यह समय सामान्य रूप से अनुकूल रहेगा, फिर भी आवश्यकता पड़ने पर संपूर्ण स्वास्थ्य जांच कराना लाभकारी रहेगा।
उपाय
अपनी कुंडली में बुध को बल प्रदान करने के लिए मांस, अंडा और शराब जैसे तामसिक पदार्थों से परहेज करें।
सभी ज्योतिषीय समाधानों के लिए क्लिक करें: एस्ट्रोसेज ऑनलाइन शॉपिंग स्टोर
हम आशा करते हैं कि आपको ये आर्टिकल पसंद आया होगा। एस्ट्रोसेज के साथ जुड़े रहने के लिए आपका बहुत-बहुत धन्यवाद!
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
1. बुध का वृषभ राशि में गोचर कब होगा?
बुध ग्रह 15 मई 2026 को मध्यरात्रि 00:18 बजे वृषभ राशि में प्रवेश करेंगे।
2. बुध गोचर का क्या महत्व होता है?
बुध बुद्धि, वाणी, तर्क, संचार और व्यापार का कारक ग्रह है। इसका गोचर इन सभी क्षेत्रों पर सीधा प्रभाव डालता है।
3. वृषभ राशि में बुध का गोचर सामान्य रूप से कैसा रहेगा?
यह गोचर बुद्धि, रचनात्मकता, संवाद कौशल और आर्थिक मामलों में सुधार लाने वाला माना जा रहा है।
Astrological services for accurate answers and better feature
Astrological remedies to get rid of your problems
AstroSage on MobileAll Mobile Apps
- Horoscope 2026
- राशिफल 2026
- Calendar 2026
- Holidays 2026
- Shubh Muhurat 2026
- Saturn Transit 2026
- Ketu Transit 2026
- Jupiter Transit In Cancer
- Education Horoscope 2026
- Rahu Transit 2026
- ராசி பலன் 2026
- राशि भविष्य 2026
- રાશિફળ 2026
- রাশিফল 2026 (Rashifol 2026)
- ರಾಶಿಭವಿಷ್ಯ 2026
- రాశిఫలాలు 2026
- രാശിഫലം 2026
- Astrology 2026






